रांची, 1 सितंबर। झारखंड में मानसून की सक्रियता अभी बनी हुई है। मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक मंगलवार को राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है।
7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम केंद्र ने उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके तहत गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट है।
इन जिलों में अचानक तेज बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों और जलजमाव वाले स्थानों से दूर रहने तथा सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
रांची समेत 4 जिलों में येलो अलर्ट
वहीं रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ गरज और वज्रपात होने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
2 सितंबर को भी बारिश से राहत नहीं
मौसम केंद्र के अनुसार 2 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।
खास तौर पर गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। राज्य के कई हिस्सों में गरज, वज्रपात और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी पूर्वानुमान है।
3 सितंबर से बारिश की तीव्रता घटने के संकेत
3 सितंबर से राज्य में बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने के संकेत हैं। हालांकि आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
इस दिन भी गरज और वज्रपात के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना बनी रहेगी। अगले दो दिनों में भारी बारिश का असर कम हो सकता है, लेकिन मौसम पूरी तरह साफ होने की उम्मीद नहीं है।
लातेहार के महुदावार में 171 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान लातेहार के महुदावार में सबसे अधिक 171 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इस अवधि में बोकारो में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लातेहार में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा।






