झारखंड के रामगढ़ में स्टील प्लांट में भीषण ब्लास्ट, तीन इंजीनियरों की मौत; एक गंभीर, कर्मचारियों ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप

Share

रामगढ़, 22 अगस्त । झारखंड के रामगढ़ जिले के बरकाकाना ओपी क्षेत्र के हेहल स्थित सीमेंट एंड इस्पात पावर प्लांट में शुक्रवार देर रात जोरदार ब्लास्ट हो गया। हादसे में तीन इंजीनियरों की मौत हो गई, जबकि एक इंजीनियर गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बरकाकाना थाना प्रभारी उमाशंकर वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

अत्यधिक तापमान के बाद हुआ ब्लास्ट

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अत्यधिक तापमान के कारण पावर प्लांट के सिस्टम पर असर पड़ा और प्रोटेक्शन सिस्टम फेल हो गया। इसी दौरान टरबाइन के ओवरस्पीड होने से जोरदार ब्लास्ट हुआ।

पुलिस के अनुसार, हादसे में जागेश्वर विहार, बोकारो निवासी विनीत महतो, धनबाद निवासी संजीव केसरी और नगर उटारी, गढ़वा निवासी अभिषेक पांडे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हजारीबाग जिले के रहने वाले तरुण रवानी गंभीर रूप से घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कर्मचारी ने प्रबंधन पर लगाए लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद प्लांट में कार्यरत कर्मचारी अमित कुमार ने प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पावर प्लांट के कंट्रोल रूम में पहले ही अत्यधिक तापमान का संकेत मिल रहा था।

कर्मचारी के अनुसार, कंट्रोल रूम का एसी भी खराब था, जिसके कारण वहां काम करना मुश्किल हो गया था। कर्मचारियों ने कई बार प्रबंधन को इसकी जानकारी दी, लेकिन आरोप है कि इस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई और कूलिंग व्यवस्था को भी दुरुस्त नहीं कराया गया।

मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम

हादसे से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को रामगढ़-पतरातू मार्ग को जाम कर दिया। मौके पर पुलिस और प्लांट प्रबंधन पहुंचकर आक्रोशित लोगों से बातचीत कर रहे हैं। मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग को लेकर बातचीत जारी है।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे की वास्तविक वजह और प्लांट में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच की जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031