—जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर पथराव, विधायक पूर्णिमा साहू समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं
पूर्वी सिंहभूम, 12 अक्टूबर। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) से जुड़ी छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले को लेकर सोमवार को जमशेदपुर के बिष्टुपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय के बाहर दोनों दलों के समर्थकों के बीच जमकर पथराव हुआ। घटना में भाजपा के करीब 20 कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है, जबकि कांग्रेस के उपाध्यक्ष समेत 10 से अधिक लोगों के जख्मी होने की बात सामने आई है। इस तरह कुल घायलों की संख्या करीब 30 या उससे अधिक बताई जा रही है।
हिंसा के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। वहीं, भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गईं।
कांग्रेस मुख्यालय के सामने प्रदर्शन करने पहुंचे थे भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा जमशेदपुर महानगर महिला मोर्चा ने 12 अक्टूबर को कांग्रेस मुख्यालय के सामने आक्रोश प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। प्रदर्शनकारी जेएनयू से जुड़ी छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न मामले में मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं पूर्व प्रोफेसर डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोईजाम के खिलाफ कार्रवाई, गिरफ्तारी और सांसद पद से बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं को सुबह 11:30 बजे बिष्टुपुर स्थित जी टाउन क्लब मैदान में जुटना था। वहां से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल में कांग्रेस मुख्यालय तिलक पुस्तकालय पहुंचे।
कहासुनी के बाद शुरू हुआ पथराव
कांग्रेस मुख्यालय के बाहर दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते नारेबाजी तेज हो गई और विवाद ने उग्र रूप ले लिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
झड़प में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला महामंत्री राजू सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और दीपू शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। वहीं, कांग्रेस की ओर से पार्टी के उपाध्यक्ष समेत कई लोगों के जख्मी होने की बात कही जा रही है। कुछ घायलों के सिर में गंभीर चोटें आने की भी जानकारी सामने आई है।
पूर्णिमा साहू समर्थकों के साथ धरने पर बैठीं
हिंसक झड़प के बाद भाजपा विधायक पूर्णिमा साहू और उनके समर्थक धरने पर बैठ गए। घटना के दौरान मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी, ताकि स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।

पथराव की शुरुआत किसने की, स्पष्ट नहीं
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विवाद की शुरुआत किस मुद्दे पर हुई और पथराव पहले किस पक्ष की ओर से किया गया। घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम और जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है।






