—धालभूमगढ़ के बावैदा गांव में दोहरा हत्याकांड, बीमार भाई की देखभाल और घर की सफाई करने पहुंची थीं दोनों बहनें
पूर्वी सिंहभूम, 12 अक्टूबर। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के बावैदा गांव में रविवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक युवक ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपनी दो सगी बहनों की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित स्वरूप टुडू उर्फ चिंटू सोमवार सुबह धालभूमगढ़ थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण करते हुए पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल से दोनों महिलाओं के शव बरामद किए और हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी जब्त कर ली।
बीमार भाई की देखभाल और सफाई के लिए पहुंची थीं बहनें
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, स्वरूप टुडू अपने घर में अकेला रहता था और कई दिनों से बीमार चल रहा था। उसकी तबीयत में सुधार नहीं होने पर रविवार रात उसने घाटशिला के चुनूडीह से एक ओझा को बुलाया था।
इसी दौरान उसकी बड़ी बहनें दुलारी सोरेन (55) और लक्ष्मी मंडी (50) भी घर पहुंची थीं। दोनों बीमार भाई की देखभाल करने और घर की साफ-सफाई के लिए आई थीं। रविवार रात घर में पूजा का आयोजन भी किया गया था। इसमें लक्ष्मी मंडी के पति सूरजु मांडी को भी बुलाया गया था, लेकिन वह कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।
देर रात सोते समय हमला करने का आरोप
आरोप है कि देर रात जब दोनों बहनें सो रही थीं, तभी स्वरूप टुडू ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों की मौत हो गई।
लक्ष्मी मंडी बासाझोर की रहने वाली थीं, जबकि दुलारी सोरेन घाटशिला प्रखंड की आसना पंचायत के चढ़ईगोड़ा गांव में रहती थीं।
आत्मसमर्पण के बाद जांच में जुटी पुलिस
घटना के बाद सोमवार सुबह आरोपित थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। इसके बाद धालभूमगढ़ थाना प्रभारी धीरज कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ बावैदा गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
ओझा-गुनी से जुड़े मामले की आशंका, वजह स्पष्ट नहीं
प्रारंभिक जानकारी में घटना के पीछे ओझा-गुनी से जुड़ा मामला होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, दोनों महिलाओं की हत्या किस वजह से की गई, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
परिवार में दो भाई और तीन बहनें थीं। आरोपित के बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है, जबकि तीसरी बहन की शादी गांव में ही हुई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही दोहरे हत्याकांड की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।






