छात्रों पर एकतरफा कार्रवाई के आरोप के खिलाफ सीओ कार्यालय पहुंचे बाबूलाल मरांडी, बोले- झामुमो कार्यकर्ताओं पर भी निष्पक्ष एफआईआर हो

Share

रांची, 25 अगस्त । झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी)-सीजीएल परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में भाजपा ने मोर्चा तेज कर दिया है। मंगलवार को विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर के अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान छात्रों पर कथित एकतरफा कार्रवाई को लेकर निष्पक्ष जांच और प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।

‘अधिकारी कानून के मुताबिक करें काम’

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसी भी पदाधिकारी को सरकार की कठपुतली बनने के बजाय कानून और विधि सम्मत तरीके से काम करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान तैनात दंडाधिकारी ने एकतरफा कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता अधिकारियों को उनके दायित्व का बोध कराने के लिए कार्यालय पहुंचे हैं।

झामुमो कार्यकर्ताओं पर भी एफआईआर की मांग

मरांडी ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने छात्रों के कार्यक्रम में बाधा डालते हुए हंगामा किया, लेकिन कार्रवाई छात्रों के खिलाफ की जा रही है। उन्होंने अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी से झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने की मांग की।

उन्होंने कहा कि छात्र पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत शांतिपूर्वक पुतला दहन कर रहे थे। आरोप लगाया कि कार्यक्रम में कथित तौर पर व्यवधान डालने और छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ दंडाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की।

एफआईआर नहीं हुई तो धरना देने की चेतावनी

भाजपा नेता ने चेतावनी दी कि यदि झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो भाजपा संबंधित कार्यालय के समक्ष धरना देगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कई वीडियो और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिनके आधार पर यह स्पष्ट किया जा सकता है कि कार्यक्रम के दौरान हंगामा किसने किया।

मरांडी ने आरोप लगाया कि दंडाधिकारी सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं और अधिकारियों पर दबाव बनाया जा रहा है।

प्रशासनिक व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

नेता प्रतिपक्ष ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि एसपी कार्यालय में सीआईडी के इंचार्ज मनोज कौशिक बैठकर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने 24 अगस्त को ही चेतावनी दी थी कि यदि झामुमो कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई तो 25 अगस्त को संबंधित मजिस्ट्रेट के कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी।

भाजपा नेताओं के साथ पहुंचे मरांडी

इसी क्रम में मंगलवार को बाबूलाल मरांडी भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रांची सदर अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक सीपी सिंह, योगेंद्र प्रताप सिंह, वरुण साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031