– होटल प्रबंधन की भूमिका समेत पूरे मामले की जांच में जुटी पुलिस
सारण, 09 सितंबर । छपरा के भगवान बाजार थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर स्थित होटल पैशन में छापेमारी कर सात युवकों और पांच युवतियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवकों में होटल का मैनेजर भी शामिल है। वहीं, पांच युवतियों में तीन नाबालिग बताई गई हैं, जिन्हें पुलिस ने रेस्क्यू किया है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल के अंदर संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना का सत्यापन करने के बाद भगवान बाजार थाना पुलिस की टीम ने होटल में छापेमारी की और कमरों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान पुलिस ने होटल मैनेजर समेत सात युवकों को पकड़ा, जबकि पांच युवतियों को वहां से रेस्क्यू किया गया। इनमें तीन नाबालिग बताई गई हैं।
होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच
सदर एसडीपीओ रामपुर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
पुलिस होटल प्रबंधन की भूमिका के साथ ही वहां मौजूद लोगों से जुड़े तमाम तथ्यों की भी जांच कर रही है।

पूछताछ के बाद होगी आगे की कार्रवाई
हिरासत में लिए गए सभी लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






