चित्रकूट, 09 जुलाई । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने चित्रकूट प्रवास के दूसरे दिन गुरुवार को धर्मनगरी चित्रकूट में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन कर भगवान श्री कामतानाथ के दर्शन किए और कामदगिरि पर्वत की पंचकोसी परिक्रमा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
बरहा हनुमान मंदिर से शुरू की परिक्रमा
मुख्यमंत्री ने बरहा हनुमान मंदिर से परिक्रमा की शुरुआत करते हुए रघुवर किशोर मंदिर के दर्शन किए। इसके बाद श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ कामदगिरि की पावन परिक्रमा की।
संतों ने जगह-जगह किया स्वागत
परिक्रमा के दौरान राम मोहल्ला में संत मदन गोपाल दास जी ने पूजन-अर्चन कराया, जबकि प्रथम मुखारविंद पर पुजारी भरत शरण दास महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न कराई। भरत मिलाप मंदिर में महंत राम मनोहर दास जी ने भगवान भरत के चरण चिन्हों का पूजन कराया। बरहा हनुमान मंदिर में पुजारी विजय तिवारी महाराज ने हनुमान जी की आरती कराई।
कामदगिरि महाआरती में शामिल हुए सीएम
कामदगिरि महाआरती स्थल पर आचार्य विपिन विराट ने मुख्यमंत्री के करकमलों से भगवान श्री कामतानाथ की महाआरती कराई। इस दौरान उन्हें कामदगिरि का चित्र और रामनामी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
भक्तिमय माहौल में गूंजा “जय श्रीराम”
पूरे परिक्रमा मार्ग में श्रद्धालुओं के “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मुख्यमंत्री योगी ने रास्ते में बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें टॉफी-चॉकलेट वितरित कर प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों को गोद में लेकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

जीव-जंतुओं के प्रति दिखाई संवेदनशीलता
परिक्रमा के दौरान मुख्यमंत्री ने बंदरों और गौवंश को चना एवं गुड़ खिलाकर जीवों के प्रति करुणा और संवेदनशीलता का परिचय दिया।
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधरोपण
परिक्रमा पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधरोपण किया। इसके बाद उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संवाद किया।
गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विदाई

चित्रकूट से बांदा के लिए प्रस्थान के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्य मंत्री बृजेश सिंह, आयुक्त अजीत कुमार, डीआईजी राजेश एस., जिलाधिकारी पुलकित गर्ग, पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।






