गिरिडीह: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का 53वां स्थापना दिवस आज गिरिडीह के ऐतिहासिक झंडा मैदान में भव्य रूप से मनाया जा रहा है। इस अवसर को लेकर पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल है और आयोजन स्थल को आकर्षक तरीके से सजाया गया है।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन सहित कई वरिष्ठ नेता, मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहेंगे।
आयोजन को लेकर झंडा मैदान में एक विशाल पंडाल तैयार किया गया है, वहीं शहर के प्रमुख मार्गों पर भव्य तोरणद्वार बनाए गए हैं। पूरे शहर को पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टरों से सजाया गया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
इस वर्ष का स्थापना दिवस कई मायनों में खास माना जा रहा है। आमतौर पर झामुमो अपना स्थापना दिवस 4 मार्च को मनाता है, लेकिन इस बार इसे 30 मार्च को आयोजित किया जा रहा है। तारीख में बदलाव के बावजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
बताया जा रहा है कि इस समारोह में जिले के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंच रहे हैं, जिसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों की भागीदारी देखने को मिल रही है।





