गढ़वा में हाईवा ने स्कॉर्पियो को उड़ाया, एक ही परिवार के चार युवकों की मौत, लोगों में भारी आक्रोश

Share

गढ़वा। गढ़वा थाना क्षेत्र के बेलचंपा गांव के पास अज्ञात हाईवा की भीषण टक्कर से स्कार्पियो सवार एक ही परिवार के चार युवकों की रविवार की रात मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि स्कार्पियो पूरी तरह चकनाचूर हो गई और शव वाहन में बुरी तरह फंस गया। मृतकों की पहचान पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र के लवर पांडु गांव निवासी लखन पासवान के पुत्र नरेंद्र कुमार पासवान (30), शंभु पासवान का पुत्र जितेंद्र पासवान (28), विश्रामपुर थाना क्षेत्र के भंडार गांव निवासी मनोज पासवान का पुत्र बादल पासवान (20)तथा अशोक पासवान का पुत्र बिक्की कुमार (18) के रूप में हुई है। चारों आपस में करीबी रिश्तेदार थे।

जानकारी के अनुसार सभी युवक स्कार्पियो से श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के बिलासपुर गांव गए थे, जहां जितेंद्र पासवान की मौसेरी बहन की सगाई थी। समारोह की खुशियां लेकर देर रात लौटते समय बेलचंपा गांव के पास तेज रफ्तार हाईवा ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कार्पियो सड़क किनारे पिचक गई, जबकि हाईवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही गढ़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कटर मशीन की मदद से वाहन को काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चारों शव बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल पहुंचते ही स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जवान बेटों की लाशें देखकर पूरा परिसर शोक में डूब गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि गढ़वा–रेहला मार्ग पर रात के समय हाईवा व अन्य भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम हो चुकी है। कई बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। पुलिस ने बताया कि अज्ञात हाईवा की तलाश की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के आधार पर चालक की पहचान की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30