कोडरमा, 06 नवंबर । झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र की तिलैया बस्ती से कोचिंग जाने के लिए घर से निकलीं दो नाबालिग चचेरी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। दोनों छात्राएं गुरुवार, 5 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद दोनों परिवारों ने तिलैया थाने में लिखित शिकायत देकर पुलिस से छात्राओं की जल्द तलाश करने की गुहार लगाई है।
15 और 14 साल की हैं दोनों छात्राएं
लापता छात्राओं में एक मनोज साव की 15 वर्षीय पुत्री है, जबकि दूसरी उनके भाई रवि साव की 14 वर्षीय पुत्री है। परिजनों के अनुसार, दोनों रोज की तरह कोचिंग जाने की बात कहकर घर से निकली थीं। निर्धारित समय पर घर नहीं लौटने पर परिवार के लोगों ने पहले कोचिंग सेंटर में संपर्क किया।
इसके बाद आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी दोनों की तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। काफी प्रयास के बाद भी सुराग नहीं मिलने पर परिजन थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
स्कूल में हुए प्रदर्शन से भी जुड़ रही चर्चा
मामले का एक अन्य पहलू भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि लापता छात्राओं में से एक सीडी बालिका मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक शशिभूषण सिंह के निलंबन के विरोध में छात्राओं की ओर से किए गए प्रदर्शन में उसके शामिल होने की भी चर्चा है।
हालांकि, विद्यालय में हुए प्रदर्शन और दोनों छात्राओं के लापता होने के बीच किसी तरह के संबंध की अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में इस पहलू को लेकर भी स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।

पुलिस ने शुरू की दोनों छात्राओं की तलाश
परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश में जुटी है। उनके अचानक लापता होने के संभावित कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से छानबीन की जा रही है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने पुलिस से जल्द से जल्द दोनों छात्राओं का पता लगाने की अपील की है।






