--नितिन नबीन ने 20 हजार किमी की सेवा संकल्प बाइक यात्रा के प्रतिभागियों का किया स्वागत, बोले- 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य के लिए जुटें युवा
वाराणसी, 07 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ बुधवार को वाराणसी पहुंची। गुजरात के वडनगर से शुरू हुई करीब 20 हजार किलोमीटर की यात्रा का समापन रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित विशाल जनसभा के साथ हुआ। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश को विकसित बनाने के लिए प्रधानमंत्री ने जो संकल्प देखा है, उसे हर कार्यकर्ता गांवों तक लेकर जाए।
25 वर्षों में प्रधानमंत्री ने रचा इतिहास : नितिन नबीन
नितिन नबीन ने कहा कि इतिहास का निर्माता बनना आसान नहीं होता। यदि पिछले 25 वर्षों की यात्रा को देखा जाए तो यह कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और परिवर्तन के क्षेत्र में इतिहास रचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की जनभावना को समझते हुए लोगों को निराशा के माहौल से बाहर निकालने का काम किया और युवाओं के भीतर आशा तथा उम्मीद जगाने का प्रयास किया। उनके नेतृत्व में देश ने विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं।
गरीबों को आवास से लेकर नक्सलवाद पर नियंत्रण तक का दावा
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में तीन तलाक के खिलाफ कानून, करोड़ों लोगों को आवास उपलब्ध कराने और देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि चार करोड़ से अधिक लोगों को आवास का लाभ मिला है।
उन्होंने कहा कि देश में नक्सलवाद को खत्म करने, उत्तर-पूर्व के राज्यों तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने और उत्तर प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में केंद्र और राज्य सरकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
अंत्योदय के सिद्धांत पर जोर
नितिन नबीन ने अपने संबोधन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य भी यही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रधानमंत्री के सेवा और विकास के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार काम करें।
विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अराजकतावादी मानसिकता का जवाब देगी।
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि ‘वी कैन डू इट’ के संकल्प के साथ युवा हर मोर्चे पर डटे रहें। उन्होंने कहा कि युवा न थकेंगे और न रुकेंगे तथा 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ते रहेंगे।
सीएम योगी ने गिनाईं उत्तर प्रदेश की उपलब्धियां
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘हर हर महादेव’ के नारों के साथ की। उन्होंने काशी की धरती पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का भी स्वागत किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर सेवा संकल्प बाइक यात्रा के काशी पहुंचने पर शुभकामनाएं दीं।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 25 वर्ष पहले गुजरात की सत्ता संभालने वाले नरेंद्र मोदी ने राज्य को विकास के नए रास्ते पर आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में काशी में भी व्यापक बदलाव देखने को मिला है।
‘अयोध्या में भव्य राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम का नया स्वरूप’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय प्रदेश में अवैध कब्जे, महिलाओं के साथ अपराध और अराजकता की स्थिति थी, लेकिन अब परिस्थितियां बदली हैं।
उन्होंने कहा कि आज माफिया मिट्टी में मिला, अयोध्या में भव्य राम मंदिर बना, काशी विश्वनाथ धाम अपने नए स्वरूप में सामने आया और मां विंध्यवासिनी का भव्य कॉरिडोर बना। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दिव्य और भव्य कुंभ का भी आयोजन हुआ।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन प्रयासों से उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान प्रतिदिन नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
वडनगर से काशी तक का सफर चुनौतीपूर्ण था : पंकज चौधरी
केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने यात्रा में शामिल युवाओं और कार्यकर्ताओं के साहस तथा निष्ठा की सराहना की।
उन्होंने कहा कि वडनगर से काशी तक का सफर चुनौतीपूर्ण था और यात्रा की शुरुआत में सुरक्षा को लेकर कई चिंताएं थीं। हालांकि, कार्यकर्ताओं के अटूट संकल्प और उत्साह के सामने हर बाधा आसान हो गई।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

हिमंत बिस्वा सरमा बोले- गुजरात को अग्रणी राज्य बनाया
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है, क्योंकि करीब 25 वर्ष पहले भूकंप से प्रभावित गुजरात को नरेंद्र मोदी के रूप में नया नेतृत्व मिला था। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात को देश के अग्रणी राज्यों में खड़ा किया और बाद में प्रधानमंत्री के रूप में देश को भी आगे बढ़ाया।
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विश्व में एक नई शक्ति के रूप में उभरा है। उन्होंने सेमीकंडक्टर निर्माण को भारत की नई पहचान बताते हुए कहा कि देश ने नक्सलवाद और उग्रवाद से भी काफी हद तक छुटकारा पाया है।
नितिन नबीन का हुआ स्वागत, लघु फिल्म का प्रदर्शन
जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का बुके और अंगवस्त्रम देकर स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
सभा का संचालन क्षेत्र उपाध्यक्ष अमित राय ने किया।
बड़ी संख्या में नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में वडोदरा के सांसद हेमांग जोशी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक, श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, सौरभ श्रीवास्तव, त्रिभुवन राम और डॉ. सुनील पटेल मौजूद रहे।
इसके अलावा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित प्रशासनिक एवं भाजपा के कई पदाधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।






