—पटना स्नातक सीट पर मतदान के दौरान समर्थकों ने शुरू किया जश्न, अनंत सिंह बोले—‘सभी जगह से न्यूज ले लिए, हम जीत रहे हैं’
पटना, 23 अक्टूबर। बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर मतदान के बीच मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह के आवास पर आतिशबाजी की गई। अनंत सिंह जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज कुमार सिंह का समर्थन कर रहे हैं। उनके समर्थकों ने मतदान के दौरान ही अनुज सिंह की बड़े अंतर से जीत का दावा करते हुए जश्न मनाना शुरू कर दिया।
मतदान के बीच आतिशबाजी, समर्थकों में उत्साह
अनंत सिंह के आवास पर समर्थक आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर करते नजर आए। इस दौरान समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई भी दी। उनका दावा है कि पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में अनुज सिंह बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगे।
अनंत सिंह के एक समर्थक ने कहा, “हमलोग पटना स्नातक सीट पर जीत रहे हैं। अनंत दा के प्रयास से अनुज सिंह जी बड़े अंतर से जीत रहे हैं। कहीं कोई शंका नहीं है। इसलिए जश्न मनाना शुरू कर दिए हैं।”
हालांकि, मतदान के दौरान किए जा रहे इन दावों के बीच चुनाव परिणाम घोषित नहीं हुआ है।
अनुज सिंह के समर्थन में खुलकर उतरे अनंत सिंह
मोकामा के विधायक अनंत सिंह पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने पार्टी की नाराजगी के बावजूद अनुज सिंह के पक्ष में खुलकर प्रचार किया। वह पहले भी कह चुके हैं कि किसी भी हाल में जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार को जीतने नहीं देंगे।
अनंत सिंह के समर्थन को इस चुनाव में राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके समर्थक भी अनुज सिंह की जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

पटना स्नातक सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में इस बार मुकाबला जदयू, राजद और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवारों के बीच है। मौजूदा विधान पार्षद नीरज कुमार जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि राजद ने दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। जन सुराज पार्टी से अनुज सिंह मैदान में हैं, जिन्हें अनंत सिंह का समर्थन प्राप्त है।
इस सीट के लिए पटना के अलावा नालंदा और नवादा जिले के मतदाता भी मतदान कर रहे हैं।
नीरज कुमार की नजर जीत के चौके पर
जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार लगातार तीन बार इस सीट से जीत चुके हैं। इस बार उनकी नजर चौथी जीत पर है। चुनाव में उन्हें अनुज सिंह और राजद उम्मीदवार दिलीप कुमार से चुनौती मिल रही है।
नीरज कुमार के समर्थन में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने भी प्रचार किया है। अब सभी की निगाहें मतदान प्रक्रिया पूरी होने और मतगणना के बाद आने वाले परिणाम पर टिकी हैं।






