उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर है।
यह हादसा मंगलवार (26 मई) सुबह करीब 5 बजे औरास थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 262 के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कैदी भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सब-इंस्पेक्टर रामचंद्र बिहार के सीवान से कैदी छत्रपाल को लेकर दिल्ली गए थे और वापस लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
बस में करीब 30 यात्री थे सवार
Uttar Pradesh Police के अनुसार बस में करीब 30 यात्री सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में मदद की। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
Unnao Fire & Emergency Services ने बताया कि बस रेलिंग से टकराने के बाद पलट गई थी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और ड्राइवर का वाहन से नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।






