—चमोली जिले में खराब मौसम के बीच हुआ हादसा, पायलट समेत छह लोगों की गई जान; सेना की सूचना पर प्रशासन ने दुर्घटना की पुष्टि की
चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में बदरीनाथ धाम से लौट रहा एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पायलट समेत सभी छह लोगों की मौत होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खराब मौसम के कारण चांई और थैंग गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर हादसे का शिकार हुआ। सेना से सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की लोकेशन ट्रेस कर दुर्घटना की पुष्टि की।
बदरीनाथ से उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद हादसा
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को ट्रांस भारत एविएशन का एयरबस एच-125 हेलीकॉप्टर (वीटी-एचसीएक्स) छह यात्रियों को लेकर बदरीनाथ धाम से रवाना हुआ था। हेलीकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के लगभग सात से आठ मिनट बाद बद्री घाटी में यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर की लोकेशन नहीं मिलने की सूचना के बाद प्रशासन और संबंधित हेलीकॉप्टर कंपनी उसकी तलाश में जुट गई थी। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि सेना की ओर से घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने लोकेशन ट्रेस कर दुर्घटना की पुष्टि की।
हादसे में मृतकों के नाम आए सामने
इस हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अरुण सालुंके, एच. एस. नागराजा, प्रताप बच्चिहल्ली निंगराजन, शंकरगौड़ा वी.बी., सुधीर के. और पायलट कैप्टन हिमांशु सभरवाल के रूप में हुई है। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
सीएम धामी ने जताया दुख, पहले बचाव अभियान के दिए थे निर्देश
हेलीकॉप्टर हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान चलाए जाने की जानकारी साझा की थी।
मुख्यमंत्री ने कहा था कि जोशीमठ के पास चयी गांव के निकट हेलीकॉप्टर दुर्घटना की सूचना मिली है। जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें संयुक्त रूप से बचाव अभियान चला रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए तत्काल एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए थे।
मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखने और सभी यात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना करने की बात भी कही थी। बाद में हादसे में सभी छह लोगों की मौत की सूचना सामने आई।






