अहमदाबाद में सनसनीखेज वारदात: कांग्रेस सांसद के भतीजे ने पहले पत्नी को मारी गोली फिर खुद की ली जान

Share

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद के पॉश इलाके जजेस बंगला रोड स्थित एनआरआई टावर में बुधवार देर रात कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल के सगे भतीजे और गुजरात मेरिटाइम बोर्ड के क्लास-1 अधिकारी यशराज सिंह गोहिल ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद भी गोली मार कर आत्महत्या कर ली।

इस घटना के बारे में लोगों को गुरुवार सुबह पता चला। यशराज सिंह गोहिल महज दो महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे थे। नवदंपति के बीच हुए विवाद ने खूनी मोड़ ले लिया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। घटना की गंभीरता को देखते हुए वस्त्रापुर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि किसी कारण से पति-पत्नी के बीच जोरदार झगड़ा हुआ, जो बढ़ते-बढ़ते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर यशराज सिंह ने अपनी पत्नी राजेश्वरी गोहिल को गोली मार दी। पत्नी को गोली मारने के बाद यशराज सिंह ने खुद ही 108 एंबुलेंस को फोन कर घटना की जानकारी दी। एंबुलेंस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने राजेश्वरी को मृत घोषित कर दिया। जब 108 का स्टाफ घर से बाहर निकला तो, उसी दौरान यशराज सिंह ने उसी रिवॉल्वर से अपने सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटना के बाद पूरे एनआरआई टावर परिसर में पुलिस का कड़ा बंदोबस्त कर दिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।

मृतक यशराज सिंह मूल रूप से भावनगर के रहने वाले थे और पत्नी के साथ एनआरआई टावर में रहते थे। पड़ोसियों और सोसायटी के लोगों के लिए यह घटना बेहद चौंकाने वाली रही, क्योंकि सभी उन्हें खुशहाल दंपति मानते थे।

भाजपा नेता जयराजसिंह परमार ने भावुक होते हुए कहा कि तीन दिन पहले ही यशराज सिंह से मुलाकात हुई थी। उन्हें इस बात पर गहरा दुख है कि इतनी बड़ी त्रासदी घट गई। उन्होंने बताया कि यशराज सिंह के पिता की भी पहले कैंसर से मृत्यु हो चुकी थी। शक्ति सिंह गोहिल के घर में ही यशराज सिंह का पालन-पोषण हुआ था, जिससे परिवार के सभी सदस्य बेहद दुखी हैं।

राजनीतिक नेताओं ने दी सांत्वना

घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेता अमित चावड़ा, मनीष दोषी समेत कई वरिष्ठ नेता अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे। वहीं पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह चुडासमा भी वहां पहुंचे और कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। 108 इमरजेंसी सेवा के अनुसार, रात करीब 11:45 बजे कॉल आया था कि महिला को गलती से गोली लग गई है। एंबुलेंस 5 मिनट में मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में महिला मृत पाई गई। इसी दौरान जब स्टाफ बाहर डॉक्टर से फोन पर बात कर रहा था, तभी महिला के पति ने खुद को भी गोली मार ली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना के बाद इलाके में भारी भीड़ जमा हो गई। अहमदाबाद जोन-1 डीसीपी, क्राइम ब्रांच समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। वस्त्रापुर पुलिस मामला दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की गहन जांच में जुटी है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930