टी-20 वर्ल्ड कप के 18वें मुकाबले में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराया. भारत के 209 रन के जवाब में नामीबिया की पारी 18.2 ओवर में 116 रन पर ही सिमट गई. वरुण चक्रवर्ती तीन विकेट लेकर भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज बने. वहीं हार्दिक और अक्षर को दो-दो विकेट मिले. इससे पहले भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 209 रन बनाए.
ईशान किशन ने 24 गेंद में 61 रन की शानदार पारी खेलकर भारत के लिए अच्छी शुरुआत की नींव रखी.इसके बाद हार्दिक पंड्या ने 52 रन की पारी खेलकर भारत को इस स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई. हार्दिक पंड्या को अपने ऑलराउंड खेल के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में नामीबिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था.
हालांकि भारत ने पहले मैच में अमेरिका को हराने के बावजूद प्लेइंग 11 में दो बदलाव किए. बीमार होने की वजह से ओपनर अभिषेक शर्मा इस मैच का हिस्सा नहीं बन पाए. उनकी जगह पर संजू सैमसन की वापसी हुई. वहीं मोहम्मद सिराज के स्थान पर जसप्रीत बुमराह की प्लेइंग 11 में वापसी हुई.
ऐसी रही नामीबिया की इनिंग्स
रनचेज में नामीबिया की शुरुआत उतनी अच्छी नहीं रही. उसने चौथे ही ओवर में जान फ्राइलिंक का विकेट गंवा दिया, जो 22 रन बनाकर अर्शदीप सिंह की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद लॉरेन स्टीनकैंप और जान निकोल लॉफ्टी-ईटन ने मिलकर 34 रन जोड़े. मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने लॉरेन स्टीनकैंप (29 रन) को आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा. वरुण यहीं नहीं रुके और एक ही ओवर में दो विकेट झटके. उन्होंने जान निकोल लॉफ्टी-ईटन (13 रन) और जेजे स्मिट (0 रन) को पवेलियन भेजा.
नामीबिया को इसके बाद कप्तान गेरहार्ड इरास्मस (18 रन) के रूप में पांचवां झटका लगा, जो अक्षर पटेल का शिकार बने. अक्षर ने इसके बाद मलान क्रूगर (5 रन) को आउट कर भारतीय टीम को छठी सफलता दिलाई. जसप्रीत बुमराह ने भी विकेट कॉलम में अपना नाम दर्ज कराया, जब उन्होंने रूबने ट्रम्पेलमैन (6 रन) को बोल्ड किया. फिर बर्नाट्ज शोल्ट्ज (4 रन) और बेन शिकोंगो (0 रन) को हार्दिक पंड्या ने पवेलियन चलता किया. जबकि विकेटकीपर बल्लेबाज जेन ग्रीन 11 रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर हिटविकेट आउट हुए.
ईशान-हार्दिक ने जड़े अर्धशतक
इससे पहले टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 209 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और उसने संजू सैमसन का विकेट सस्ते में गंवा दिया. संजू ने तीन छक्के और एक चौके की मदद से 8 बॉल पर 22 रनों का योगदान दिया. संजू का विकेट बेन शिकोंगो ने लिया. यहां से ईशान किशन और तिलक वर्मा ने दूसरे विकेट के लिए 79 रनों की साझेदारी की. ईशान ने सिर्फ 20 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली, जिसमें 5 चौके और चार छक्के शामिल रहे.
छठे ओवर में जेजे स्मिट्स के खिलाफ ईशान किशन ने लगातार चार छक्के लगाए और कुल 28 रन बटोरे. ईशान ने कुल मिलाकर 6 चौके और पांच छक्के की मदद से 24 गेंदों पर 61 रन बनाए. ईशान ने तो तूफानी पारी खेली, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने निराश किया. सूर्या ने 12 और तिलक ने 25 रन बनाए. तिलक के आउट होने के समय भारत का स्कोर 124/4 था.
यहां से हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 81 रन जोड़कर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. हार्दिक ने 4 छक्के और चार चौके की मदद से 28 बॉल पर 52 रन बनाए. हार्दिक ने इस दौरान 27 बॉल पर अपनी फिफ्टी पूरी की. वहीं शिवम दुबे ने 23 रनों का योगदान दिया. दोनों बल्लेबाज 19वें ओवर में आउट हुए. गेरहार्ड इरास्मस ने उस ओवर में अक्षर पटेल को भी 0 के निजी स्कोर पर चलता किया.
भारतीय टीम ने इसके बाद आखिरी ओवर में रिंकू सिंह (1 रन) और अर्शदीप सिंह (2 रन) के विकेट खोए. देखा जाए तो भारतीय टीम ने आखिरी दो ओवरों में सिर्फ 10 रन बनाए और उसके 5 विकेट गिरे. नामीबियाई कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इस मुकाबले में चार विकेट झटके. बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और जेजे स्मिट को एक-एक सफलता हासिल हुई.
मुकाबले में भारत की प्लेइंग-11: संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), रिंकू सिंह, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह.
मुकाबले में नामीबिया की प्लेइंग-11: लॉरेन स्टीनकैंप, जान फ्राइलिंक, जान निकोल लॉफ्टी-ईटन, गेरहार्ड इरास्मस (कप्तान), जेजे स्मिट, जेन ग्रीन (विकेटकीपर), रूबेन ट्रम्पेलमैन, मलान क्रूगर, बर्नार्ड शोल्ट्ज, बेन शिकोंगो और मैक्स हेंगो.





