जनता दरबार में पोस्टर विवाद: कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें दिखीं धुंधली, राजनीतिक गलियारों में उठे सवाल

Share

RANCHI : प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान एक हैरान कर देने वाला नज़ारा देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विशाल फ्लेक्स पोस्टर में पार्टी के कई शीर्ष नेताओं की तस्वीरें धुंधली नजर आईं, जबकि मंत्री डॉ. अंसारी की तस्वीरें बेहद स्पष्ट थीं।

जानकारी के अनुसार जनता दरबार सुबह 11 बजे शुरू होना था, लेकिन कार्यक्रम करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुआ। जैसे ही कार्यक्रम का आगाज़ हुआ, मंच के पीछे लगे पोस्टर पर मौजूद नेताओं की तस्वीरें सभी की नजरों में आ गईं। पोस्टर में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रदेश प्रभारी के. राजू की तस्वीरें तो साफ दिखीं, लेकिन हैरानी की बात यह रही कि प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रदेश सह प्रभारी, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव और उप नेता राजेश कश्यप की तस्वीरें पूरी तरह से धुंधली थीं।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि प्रदेश अध्यक्ष खुद कार्यक्रम में मौजूद थे, लेकिन पोस्टर में उनकी ही तस्वीर साफ न दिखना कई सवाल खड़े कर गया। मौके पर मौजूद कांग्रेस पदाधिकारियों और नेताओं ने इस अनदेखी पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी और न ही पोस्टर को हटवाने या बदलवाने की कोई कोशिश की गई।

इस घटनाक्रम के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। जहां एक ओर इसे एक सामान्य तकनीकी त्रुटि बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रदेश नेतृत्व की उपेक्षा से जुड़े सवाल भी उठने लगे हैं। पोस्टर में प्रमुख नेताओं की तस्वीरें ब्लर होना केवल एक संयोग था या इसके पीछे कोई सोची-समझी रणनीति? फिलहाल, कांग्रेस की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930