नई दिल्ली, 04 अगस्त । राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने मंगलवार को युवाओं के विकास, रोजगार के अवसरों और वर्ष 2030 में भारत में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों को लेकर मंथन किया। संसद पुस्तकालय भवन स्थित जीएमसी बालयोगी सभागार में हुई राजग संसदीय दल की साप्ताहिक ‘मंगल मिलन’ बैठक में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने दो विशेष प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किए।
युवाओं और रोजगार योजनाओं पर हुई चर्चा
बैठक में केंद्र सरकार की ओर से युवाओं के कौशल विकास, रोजगार सृजन और उनके लिए उपलब्ध अवसरों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। मनसुख मांडविया ने रोजगार बढ़ाने और युवाओं को आगे बढ़ाने से जुड़ी योजनाओं की जानकारी सांसदों के सामने रखी।
इसके अलावा बैठक में 2030 में प्रस्तावित राष्ट्रमंडल खेलों के आयोजन की तैयारियों और इससे जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी चर्चा हुई।
पीएम मोदी समेत कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
राजग संसदीय दल की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता और सांसद मौजूद रहे।
बैठक में संसद के मानसून सत्र के बचे हुए 10 दिनों के कामकाज को लेकर भी रणनीति बनाई गई। इसमें महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने, सदन में बेहतर समन्वय और फ्लोर मैनेजमेंट को लेकर चर्चा हुई।
मानसून सत्र के लिए बनाई गई रणनीति
सूत्रों के अनुसार, बैठक में आगामी दिनों में संसद के दोनों सदनों में होने वाले विधायी कार्यों और सहयोगी दलों के बीच तालमेल को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने दो प्रेजेंटेशन दिए। पहला प्रेजेंटेशन राष्ट्रमंडल खेलों और युवाओं से जुड़े विषयों पर आधारित था, जबकि दूसरा रोजगार सृजन के अवसरों पर केंद्रित रहा।

तीन सांसदों की गैरमौजूदगी पर चर्चा
बैठक में एनसीपीआई के तीन सांसद अबू ताहिर, खलीलुर्रहमान और युसुफ पठान लगातार दूसरी बार शामिल नहीं हुए। इससे पहले पिछली ‘मंगल मिलन’ बैठक में भी वे अनुपस्थित रहे थे।
उनकी लगातार गैरमौजूदगी को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक सांसदों या एनसीपीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
रवि किशन बोले- विकास यात्रा पर हुई सार्थक चर्चा
बैठक के बाद भाजपा सांसद रवि किशन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बैठक सकारात्मक रही। उन्होंने बताया कि देश की विकास यात्रा, GDP वृद्धि, रोजगार और युवाओं के लिए अवसर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सार्थक चर्चा हुई।






