पीएम मोदी आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के पैतृक गांव पहाड़पुर पहुंचे, प्रधानमंत्री करेंगे 47,600 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत

Share

भुवनेश्वर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे। भारतीय वायुसेना के विशेष हेलीकॉप्टर से पहाड़पुर गांव स्थित हेलीपैड पर उतरने पर राज्यपाल हरि बाबू कंभमपटि, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, वरिष्ठ मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए मौजूद रहे।

पहाड़पुर गांव में राष्ट्रपति के साथ कार्यक्रम

हेलीपैड से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच प्रधानमंत्री विशेष काफिले के साथ पहाड़पुर गांव पहुंचे, जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पहले से मौजूद थीं। राष्ट्रपति अपने जन्मदिन के अवसर पर अपने ससुराल पक्ष के गांव आई हुई थीं।

इसके बाद प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने संयुक्त रूप से कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने सांथाली जाहेरा और हो जाहेरा जैसे पवित्र स्थलों पर पूजा-अर्चना की और पहाड़पुर स्थित कौशल विकास केंद्र तथा एसएलएस मेमोरियल स्कूल का दौरा किया।

शिक्षा और कौशल विकास पर जोर

इस दौरान क्षेत्र में शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के प्रयासों पर विशेष जोर दिया गया। यह दौरा विशेष रूप से जनजातीय और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रायरंगपुर में होगा मुख्य कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री मयूरभंज के रायरंगपुर में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ओडिशा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है, जिसकी थीम “विकास की धारा, ओडिशा सारा” रखी गई है।

47,600 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

इस अवसर पर 47,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी इस कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे।

यह दौरा ओडिशा में बुनियादी ढांचे, शिक्षा और कौशल विकास को नई गति देने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930