Bihar Board Toppers: 168 मेधावी छात्रों को CM सम्राट चौधरी ने किया सम्मानित, फर्स्ट टॉपर को 2 लाख; जानें किसे क्या मिला

Share

पटना, 09 सितंबर । बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 168 टॉपर्स को बुधवार को सम्मानित किया गया। पटना स्थित मुख्यमंत्री आवास के नेता संवाद में आयोजित मेधावी टॉपर्स सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने छात्र-छात्राओं को पुरस्कार राशि प्रदान की। कार्यक्रम में बिहार सरकार के दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी सहित विभाग के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।

किसे क्या मिला?

मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले टॉपर्स को दो लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वालों को एक लाख 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई। इसके अलावा टॉपर्स को लैपटॉप खरीदने के लिए अलग से निर्धारित राशि भी प्रदान की गई।

इंटर साइंस के टॉपर्स सम्मानित

इंटरमीडिएट विज्ञान संकाय में प्रथम टॉपर समस्तीपुर के आदित्य प्रकाश अमन को सम्मानित किया गया। वहीं सीतामढ़ी की साक्षी कुमारी और नवादा की सपना कुमारी को द्वितीय टॉपर के रूप में सम्मान मिला।

कला संकाय में इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान

कला संकाय में गयाजी की नीशू कुमारी प्रथम टॉपर रहीं। सीतामढ़ी की सिद्धी शिखा, लखीसराय के चंद्रदीप कुमार और पूर्णिया के मो. लक्की अंसारी को द्वितीय टॉपर के रूप में सम्मानित किया गया।

कॉमर्स में अदिति कुमारी टॉपर

कॉमर्स संकाय में पटना की अदिति कुमारी प्रथम टॉपर रहीं। समारोह में उनके मौजूद नहीं रहने पर उनके पिता को सम्मानित किया गया। वहीं पटना की माही कुमारी को द्वितीय टॉपर के रूप में सम्मान मिला।

पहली बार व्यावसायिक पाठ्यक्रम के टॉपर्स भी शामिल

बिहार बोर्ड के इतिहास में पहली बार इंटरमीडिएट के व्यावसायिक पाठ्यक्रम को टॉपर्स सम्मान समारोह में शामिल किया गया। इस श्रेणी में सारण के प्रियांशु राज को प्रथम टॉपर और सारण की अनिका उपाध्याय को द्वितीय टॉपर के रूप में सम्मानित किया गया।

मैट्रिक के टॉपर्स भी सम्मानित

मैट्रिक परीक्षा में सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की साबरीन परवीन संयुक्त रूप से प्रथम टॉपर रहीं। दोनों को सम्मानित किया गया। वहीं बेगूसराय की नाहिद सुल्ताना को द्वितीय टॉपर के रूप में सम्मान मिला।

समारोह में दोनों उपमुख्यमंत्री रहे मौजूद

बुधवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित नेता संवाद में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अलावा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और विजेंद्र प्रसाद यादव मौजूद रहे।

शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और शिक्षा विभाग के सभी वरीय अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

मैट्रिक में 81.79 प्रतिशत विद्यार्थी सफल

बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में 15.12 लाख छात्र-छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें 81.79 प्रतिशत, यानी 12 लाख 35 हजार 473 परीक्षार्थी सफल हुए थे। परीक्षा परिणाम में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस बार दो छात्राएं संयुक्त रूप से स्टेट टॉपर बनीं।

सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई की पुष्पांजलि कुमारी और वैशाली की साबरीन परवीन ने 98.4 प्रतिशत यानी 492 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से टॉप किया था। टॉप-5 में 13 परीक्षार्थी और छठी से 10वीं रैंक तक 126 परीक्षार्थी शामिल रहे।

इंटर में 85.19 प्रतिशत रहा रिजल्ट

इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में तीनों संकायों को मिलाकर 85.19 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सफल हुए। इनमें छात्राओं का सफलता प्रतिशत 86.23 और छात्रों का 84.09 प्रतिशत रहा। तीनों संकायों में छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा।

आर्ट्स और कॉमर्स में दो-दो छात्राओं ने टॉप किया, जबकि साइंस में एक छात्र प्रथम स्थान पर रहा। तीनों संकायों को मिलाकर कुल 26 टॉपर्स रहे, जिनमें 19 छात्राएं और सात छात्र शामिल थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930