जमशेदपुर के गोलमुरी में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, युवक पर किया जानलेवा हमला, इलाके में तनाव

Share

पूर्वी सिंहभूम। गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत टुईलाडूंगरी इलाके में उस समय दहशत फैल गई, जब 20 से 22 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद अपराधियों ने एक युवक पर हमला कर इलाके में जमकर उत्पात मचाया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।

टुईलाडूंगरी में गुरुवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब हथियारों से लैस करीब 20 से 22 अपराधी अचानक इलाके में पहुंचे और सरबजीत सिंह पर बेरहमी से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने सरबजीत सिंह को चारों ओर से घेरकर लाठियों और अन्य हथियारों से पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और लहूलुहान हो गए।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हमलावर हिंदूबस्ती निवासी सुखराज के साथ मौके पर पहुंचे थे और सभी अपराधियों के हाथों में हथियार थे। हमले के दौरान अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाते हुए जमकर उत्पात मचाया और पास में खड़ी दो गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया। इस हमले के दौरान सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हो गई है।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल सरबजीत सिंह को संभालते हुए तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।

पुलिस द्वारा हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30