मोकामा विधायक के पैतृक गांव नदावां में शाही अंदाज में हो रहा विवाह समारोह, कई राज्यों से पहुंचे करीब 200 घोड़े; महिंद्रा थार रॉक्स, बाइक और स्कूटी रखे गए हैं इनाम
पटना, 25 नवंबर । बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी समारोह में बुधवार को केंद्रीय मंत्री ललन सिंह पहुंचे। उन्होंने विवाह समारोह के दौरान आयोजित भव्य घुड़दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। अनंत सिंह के पैतृक गांव नदावां में आयोजित इस विवाह समारोह को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। शादी में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों के साथ देश के कई हिस्सों से मेहमान पहुंच रहे हैं।
शिवांगी सिंह का विवाह बिहटा निवासी सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी रणविजय कुमार के पुत्र ऋषिकेश सिंह के साथ हो रहा है। समारोह के लिए गांव में भव्य पंडाल बनाया गया है। विवाह की प्रमुख रस्मों के लिए 30 फीट ऊंचा राजसी जयमाला मंच तैयार किया गया है। आयोजन में अतिथियों के स्वागत से लेकर खानपान और मनोरंजन तक की विशेष व्यवस्था की गई है।
ललन सिंह ने घुड़दौड़ प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
विवाह समारोह का प्रमुख आकर्षण घुड़दौड़ प्रतियोगिता है। बुधवार दोपहर करीब 10 बीघा क्षेत्र में आयोजित इस प्रतियोगिता में कई राज्यों से आए लगभग 200 घोड़ों के शामिल होने की बात कही गई है। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए महिंद्रा थार रॉक्स, बाइक और स्कूटी जैसे पुरस्कार रखे गए हैं।
केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने समारोह में पहुंचकर घुड़दौड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आए दर्शकों में भी खास उत्साह दिखाई दे रहा है।
फेसबुक पर जानकारी देखकर बलिया से पहुंचे अजित कुमार
घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर लोगों में किस कदर उत्साह है, इसका अंदाजा उत्तर प्रदेश के बलिया से पहुंचे अजित कुमार की मौजूदगी से लगाया जा सकता है। अजित कुमार बुधवार सुबह करीब छह बजे अपने सगे चचेरे भाई का तिलक समारोह छोड़कर मोकामा विधायक अनंत सिंह की ओर से आयोजित घुड़दौड़ देखने पहुंचे।
उन्होंने बताया कि करीब 15 दिन पहले फेसबुक पर इस आयोजन के बारे में जानकारी मिली थी। इसके बाद उन्होंने प्रतियोगिता देखने का मन बनाया और बलिया से यहां पहुंच गए। अजित के मुताबिक, उन्होंने इससे पहले इतनी बड़ी भीड़ और इस तरह की घुड़दौड़ प्रतियोगिता नहीं देखी थी। उन्होंने आयोजन की प्रशंसा करते हुए अनंत सिंह को अच्छा इंसान बताया।
बांका से घोड़ी ‘करिश्मा’ को लेकर पहुंचे अभिमन्यु सिंह
घुड़दौड़ में हिस्सा लेने के लिए बांका के अभिमन्यु सिंह अपनी घोड़ी ‘करिश्मा’ के साथ पहुंचे हैं। अभिमन्यु के मुताबिक, करिश्मा इससे पहले मोकामा में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता में स्कूटी, नकद पुरस्कार और शील्ड जीत चुकी है। इस बार भी उन्हें अपनी घोड़ी से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि उनका परिवार पिछले दो पीढ़ियों से घोड़े पालने का काम कर रहा है। फिलहाल उनके पास पांच घोड़े हैं। घोड़ों की देखभाल और उनकी तैयारी पर परिवार विशेष ध्यान देता है।
अनार का जूस, काजू-बादाम है करिश्मा की खास डाइट
अभिमन्यु सिंह ने अपनी घोड़ी करिश्मा की खानपान व्यवस्था के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि करिश्मा को नियमित भोजन के अलावा अनार का जूस, काजू, पिस्ता और बादाम दिया जाता है। उसकी डाइट में भूसी, चना और हरी घास भी शामिल है।
प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए अलग-अलग राज्यों से घोड़ों के पहुंचने के कारण आयोजन स्थल पर खास रौनक है। घोड़ों के मालिक अपनी-अपनी तैयारियों के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
चार लाख मेहमानों के स्वागत की तैयारी
अनंत सिंह की बेटी की शादी को लेकर नदावां गांव में व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। आयोजन से जुड़े दावों के मुताबिक, देश-विदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों से करीब चार लाख मेहमानों के स्वागत की तैयारी है। मेहमानों के लिए लगभग 150 प्रकार के व्यंजन तैयार किए जाने की व्यवस्था की गई है।
वीवीआईपी अतिथियों के आगमन को ध्यान में रखते हुए पांच हेलीपैड भी बनाए गए हैं। वहीं, भव्य पंडाल और 30 फीट ऊंचा जयमाला मंच विवाह समारोह को विशेष रूप देने के लिए तैयार किया गया है।
शाही अंदाज में हो रहे इस आयोजन में विवाह की रस्मों के साथ घुड़दौड़ प्रतियोगिता लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। अलग-अलग राज्यों से आए घोड़े, आकर्षक पुरस्कार और बड़ी संख्या में जुटे दर्शकों ने नदावां के इस विवाह समारोह को खास चर्चा में ला दिया है।






