खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी तेज रफ्तार क्रूजर, आठ लोगों ने मौके पर तोड़ा दम, अस्पताल में एक महिला की मौत; घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता
कोटा, 22 नवंबर। राजस्थान के कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास शनिवार आधी रात के बाद हुए भीषण सड़क हादसे में महाराष्ट्र के एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। दुर्घटना में कई अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसा नांता थाना क्षेत्र में रात करीब एक बजे हुआ। धार्मिक स्थलों के दर्शन कर परिवार के सदस्य महाराष्ट्र लौट रहे थे, तभी उनकी क्रूजर गाड़ी सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम ने बचाव कार्य की निगरानी की।
धार्मिक यात्रा से लौट रहा था परिवार
पुलिस के अनुसार, क्रूजर वाहन में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे। परिवार मंगलवार को धार्मिक यात्रा पर महाराष्ट्र से रवाना हुआ था। यात्रा के दौरान सभी ने मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और राजस्थान के पुष्कर तथा खाटूश्यामजी में दर्शन किए थे। शनिवार रात दर्शन के बाद परिवार के सदस्य वापस अपने घर लौट रहे थे।
इसी दौरान कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास उनकी क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माधवी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या नौ हो गई।
नौ लोगों की मौत, कई घायलों का अस्पताल में उपचार
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान उषा बाई, सुशीला (55), कैलाश (45), सांवी, सज्जन, अनीता, बाबूलाल (60), जाह्नवी (13) और माधवी के रूप में हुई है। एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
घायलों में जगदीश (10), मयूरी पवार (20), मनीषा पवार (45), शरद पवार (46), गणेश पवार (30), सृजेत (3) और ट्रक चालक हारून (43) शामिल हैं। सभी घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशुतोष शर्मा के अनुसार, घायलों का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल मनीषा को वेंटिलेटर पर रखा गया है। चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकला था परिवार
दुर्घटनाग्रस्त क्रूजर के पीछे चल रहे दूसरे वाहन में सवार प्रदीप ने बताया कि परिवार के कुल 36 सदस्य तीन गाड़ियों में धार्मिक यात्रा पर निकले थे। सभी ने खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद शनिवार रात महाराष्ट्र के लिए वापसी शुरू की थी।
प्रदीप के मुताबिक, रास्ते में तीनों गाड़ियां एक-दूसरे के आसपास चल रही थीं। इसी दौरान अचानक आगे चल रही क्रूजर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पीछे चल रहे परिवार के अन्य सदस्यों को जब दुर्घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मदद के लिए पहुंचे।
ट्रक में तकनीकी खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ा था वाहन
हादसे में घायल ट्रक चालक हारून मध्य प्रदेश के खंडवा का रहने वाला है। उसने बताया कि ट्रक में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे सड़क किनारे रोकना पड़ा। वह ट्रक से कुछ दूरी पर खड़ा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई क्रूजर ने पहले उसे टक्कर मारी और फिर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
हारून के अनुसार, टक्कर लगने से वह करीब 20 फीट दूर जा गिरा और बेहोश हो गया। लगभग दस मिनट बाद जब उसे होश आया तो उसने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। हादसे में उसके सिर और घुटनों में चोटें आई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये
कोटा हादसे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने राजस्थान के कोटा और गुजरात के कच्छ में हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में कहा कि इन दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाने की खबर से उन्हें बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
हादसे से परिवार में मचा कोहराम
एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत से महाराष्ट्र के धुले जिले में शोक का माहौल है। धार्मिक यात्रा पर निकले परिवार के लिए यह सफर दर्दनाक हादसे में बदल गया। हादसे में घायल लोगों का कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






