वैशाली के जाफरपट्टी में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल, बड़ी संख्या में पहुंचे नेता, कार्यकर्ता और आम लोग; सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र की परियोजनाओं से बिहार के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
वैशाली: लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री आज बिहार को 34 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात देंगे। वे विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। उनके कार्यक्रम को लेकर राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है। नेता, कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में कार्यक्रम स्थल पर जुट रहे हैं।
प्रधानमंत्री को देखने और सुनने के लिए उमड़ी भीड़
कार्यक्रम स्थल पर लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। खासकर महिलाओं में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देखने और उनका संबोधन सुनने को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। बड़ी संख्या में महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंच रही हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।
नेता और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम को लेकर खासे उत्साहित हैं। लोगों को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री की ओर से घोषित होने वाली विकास योजनाओं से बिहार में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा और राज्य की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।
34,470 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात
भाजपा का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से बिहार को मिलने वाली विकास योजनाओं से राज्य के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। ₹34,470 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं के माध्यम से सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में विस्तार होगा।
पार्टी के अनुसार, इन योजनाओं से आधारभूत संरचना मजबूत होगी और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। विकास परियोजनाओं के जरिए बिहार को समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
सम्राट चौधरी ने किया प्रधानमंत्री का स्वागत
प्रधानमंत्री के बिहार आगमन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि बिहार की पावन धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हम सभी के लिए हर्ष और गौरव का विषय है।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देश लगातार विकास और प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। उनके मार्गदर्शन में बिहार भी विकास, सुशासन और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह आगमन बिहार के विकास के संकल्प को और मजबूती प्रदान करेगा। राज्य की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का हार्दिक स्वागत, अभिनंदन और वंदन है।
विकास योजनाओं से बिहार को नई दिशा मिलने की उम्मीद
प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार के विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन से राज्य में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर वैशाली में उमड़ी भीड़ और महिलाओं का उत्साह प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर लोगों की दिलचस्पी को दर्शा रहा है।






