दरभंगा में छठ पूजा के बाद हुआ हादसा, पटाखे को ग्लास से ढककर जला रहा था बच्चा; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में छठ पूजा की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पटाखा जलाने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय आयुष कुमार की मौत हो गई। बच्चा पटाखे को स्टील के ग्लास से ढककर जला रहा था। इसी दौरान जोरदार धमाका हुआ और ग्लास का एक टुकड़ा टूटकर उसके गले में जा घुसा। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी जान चली गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
स्टील के ग्लास से पटाखा ढकते ही हुआ जोरदार धमाका
घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र के मेटयूनिया गांव की है। मृतक की पहचान आयुष कुमार के रूप में हुई है। वह छठी कक्षा का छात्र था। जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह आयुष अपने परिवार के साथ छठ घाट पर पूजा करने गया था। पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग घर लौट आए। परिवार की ओर से घर में छठ का दौरा रखा गया। इसके बाद आयुष पटाखे जलाने के लिए घर से बाहर चला गया।
बताया जा रहा है कि आयुष अकेले पटाखा जला रहा था। इसी दौरान उसने पटाखे को स्टील के ग्लास से ढक दिया। जैसे ही उसने पटाखे में आग लगाई, जोरदार धमाका हुआ। धमाके के दबाव से स्टील का ग्लास टूटकर बिखर गया और उसका एक टुकड़ा तेजी से उछलकर आयुष के गले में जा लगा।
गले में गंभीर चोट, अत्यधिक रक्तस्राव से गई जान
ग्लास का टुकड़ा गले में लगने से आयुष गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गले से काफी खून बहने लगा। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। महज 13 साल के बच्चे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मामा ने बताया कैसे हुआ दर्दनाक हादसा
मृतक के मामा शिव कुमार झा ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे की है। आयुष स्टील के ग्लास से पटाखे को ढककर जला रहा था। इसी दौरान पटाखे में जोरदार विस्फोट हुआ और ग्लास का एक टुकड़ा उछलकर सीधे उसके गले में जा घुसा। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। उन्होंने इस घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि ऐसी दुर्घटना नहीं होनी चाहिए थी।
रिश्तेदार ने भी बताई हादसे की पूरी कहानी

आयुष के रिश्तेदार बैजू कुमार ने बताया कि सुबह पूरा परिवार छठ घाट पर पूजा करने गया था। पूजा के बाद सभी लोग घर लौटे और घर में छठ का दौरा रखा गया। इसके बाद आयुष पटाखे जलाने के लिए बाहर चला गया। वह अकेले पटाखा जला रहा था। इसी दौरान उसने पटाखे को स्टील के ग्लास से ढक दिया और धमाके के कारण ग्लास का टुकड़ा उसके गले में जा लगा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
13 वर्षीय आयुष की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छठ पूजा के दौरान घर में जहां खुशियों का माहौल था, वहीं इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के बाद गांव में भी मातम पसरा हुआ है। परिजनों की ओर से स्थानीय थाने को घटना की जानकारी दी गई है।
सावधानी: पटाखे जलाते समय कभी भी उन पर स्टील के ग्लास, डिब्बे या किसी अन्य कठोर वस्तु से ढक्कन न लगाएं। विस्फोट के दौरान इनके टुकड़े गंभीर चोट पहुंचा सकते हैं।






