प्रधानमंत्री मोदी ने मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे में टेका मत्था, पुनर्विकास की रखी आधारशिला

Share

एक सदी से अधिक पुराना गुरुद्वारा भारत-फिलीपींस के सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक, भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

नई दिल्ली, 17 नवंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला स्थित ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारे का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गुरुद्वारे में मत्था टेका और इसके पुनर्विकास के लिए आधारशिला रखने के कार्यक्रम का नेतृत्व किया।

भारत-फिलीपींस के सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है गुरुद्वारा

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी भावनाएं साझा करते हुए लिखा, “मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में आकर बहुत धन्य महसूस कर रहा हूं। यह फिलीपींस का सबसे पुराना गुरुद्वारा है।” उन्होंने कहा कि खालसा दीवान गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक समय से भारत और फिलीपींस के बीच जीवंत सांस्कृतिक संबंधों और लोगों के आपसी जुड़ाव का प्रतीक रहा है।

पुनर्विकास की आधारशिला रखने के कार्यक्रम में हुए शामिल

प्रधानमंत्री ने गुरुद्वारे के पुनर्विकास से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया और इसकी आधारशिला रखने का नेतृत्व किया। यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा फिलीपींस में भारतीय समुदाय की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता है।

आसियान और पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लेंगे हिस्सा

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए सोमवार को फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंचे हैं। इस यात्रा के दौरान भारत और फिलीपींस के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने पर भी जोर रहेगा।

भारतीय समुदाय ने किया भव्य स्वागत

मनीला अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचने पर फिलीपींस के सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव रॉबर्ट जोसेफ ‘जय’ मोंटेस डी क्लारो ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों ने वंदे मातरम् के नारे लगाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

स्वागत कार्यक्रम में बच्चों ने संस्कृत मंत्रों का उच्चारण किया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। भारतीय समुदाय के उत्साह और पारंपरिक स्वागत ने प्रधानमंत्री की फिलीपींस यात्रा के पहले दिन को खास बना दिया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30