रांची। राजधानी के धुर्वा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव डैम साइड स्थित संत जेवियर स्कूल के पीछे बरामद किया गया। उसके चेहरे और गले समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच में पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
चेहरे पर धारदार हथियार और पत्थर से वार के निशान
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक के चेहरे पर पत्थर और किसी धारदार हथियार से हमला किए जाने के निशान मिले हैं। वहीं, उसके गले पर रस्सी जैसे निशान भी पाए गए हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह और घटना के पूरे घटनाक्रम का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगा।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाए साक्ष्य
शव मिलने की सूचना पर धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस इन साक्ष्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में लगी है।
मृतक की पहचान के लिए सभी थानों को भेजी गई तस्वीर
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने युवक की तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी है, ताकि उसकी पहचान सुनिश्चित की जा सके। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच
धुर्वा थाना प्रभारी अनिल तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रथमदृष्टया युवक की गला दबाकर और चेहरे पर वार कर हत्या किए जाने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी के अनुसार, मृतक की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का पता चल सकेगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक कौन था और वह डैम साइड स्थित घटनास्थल तक कैसे पहुंचा।






