खूंटी, 06 नवंबर। झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह रेलवे फाटक के पास सड़क जाम कर दिया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे थे।
हादसे में सात लोगों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान करमी लोहराइन (55), जसवंती देवी (40), अग्नि सांगा (35), सुभानी कुमारी (11), सोनी कुमारी (9), अंजली कुमारी (18) और कौशल्या देवी (40) के रूप में हुई है। एक ही हादसे में सात लोगों की मौत से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस-प्रशासन ने ग्रामीणों को समझाने का किया प्रयास
सड़क जाम की सूचना मिलने पर कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार सहित पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और अधिकारियों की बात नहीं मानी।

समाचार लिखे जाने तक रेलवे फाटक के पास सड़क जाम जारी था।






