—‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भाजपा ने निकाली पदयात्रा, योगी आदित्यनाथ समेत कई नेता हुए शामिल
लखनऊ, 04 नवंबर । भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को गोरखपुर में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत आयोजित पदयात्रा का नेतृत्व किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए विपक्ष को लोकतंत्र विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव को देश और प्रदेश की जनता अच्छी तरह जान चुकी है। भाजपा ने बुधवार को प्रयागराज और कानपुर में भी पदयात्राएं निकालीं। प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने इसका नेतृत्व किया।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू हुई पदयात्रा
गोरखपुर में भाजपा की पदयात्रा महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज से शुरू होकर सरदार पटेल प्रतिमा के समीप स्थित माता काली मंदिर पर संपन्न हुई। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह और राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी समेत बड़ी संख्या में विधायक, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
नितिन नवीन ने नेहरू-गांधी परिवार पर लगाए आरोप
पदयात्रा के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि तथाकथित युवराजों के कारनामे लंबे समय तक उत्तर प्रदेश और देश की जनता को याद रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार ने कभी संविधान का सम्मान नहीं किया, बल्कि संविधान निर्माता बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर का अपमान किया। उनके मुताबिक, इसी परिवार ने बाबा साहेब को चुनाव हराने के लिए पूरी ताकत लगाई थी।
नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा की पदयात्रा के माध्यम से लोकतंत्र बचाने के लिए जनता भी सड़कों पर उतर रही है। उन्होंने दावा किया कि इससे विपक्षी दलों में बेचैनी है। उन्होंने रामलीला मैदान में विपक्ष की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जुटी भीड़ पर भी सवाल उठाए और कहा कि भाजपा एनडीए के सहयोगी दलों के साथ हर जिले और कस्बे में उससे बड़ी पदयात्राएं निकाल रही है।

राहुल गांधी पर जनता को गुमराह करने का आरोप
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राहुल गांधी ने देश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया है, लेकिन यह नया भारत और नई सोच का भारत है, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासी नरेन्द्र मोदी को अपना प्रधान सेवक और चौकीदार मानते हैं।
नितिन नवीन ने आपातकाल के दौर का जिक्र करते हुए कहा कि जब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था, तब कांग्रेस ने अदालत के फैसले को बदलने का काम किया। उन्होंने कहा कि देश के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि कोई भी तथाकथित युवराज स्थायी नहीं है।
एसआईआर के विरोध पर कांग्रेस से पूछे सवाल
नितिन नवीन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर भी कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस एसआईआर का विरोध कर रही है या घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी मतदाता सूची में गड़बड़ियों और फर्जी मतदाताओं की बात करते हैं, लेकिन ऐसी गड़बड़ियों को दूर करने के लिए चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया का विरोध भी करते हैं।
उन्होंने बिहार में मतदाता सूची से 65 लाख से अधिक नाम हटाए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन को इससे परेशानी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र की चिंता के बजाय अपने वोट बैंक को बचाने की राजनीति कर रहा है।
आपातकाल के लिए राहुल गांधी देश से माफी मांगें : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज वही पार्टी लोकतंत्र का उपदेश दे रही है, जिसने देश में आपातकाल लगाया था। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी वर्ष 1975 में आपातकाल लगाने के लिए देश से माफी मांगेंगे।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में बदलाव लाने की ताकत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव हार के बहाने ढूंढ़ते हैं। चुनाव जीतने पर सब ठीक रहता है, लेकिन हारने पर ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में भी मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण होता था। उन्होंने दावा किया कि मतदाता सूची में घुसपैठियों के नाम शामिल होने की स्थिति में एसआईआर कराना जरूरी है।

दो दिवसीय प्रवास पर गोरखपुर पहुंचे भाजपा अध्यक्ष
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय गोरखपुर प्रवास पर पहुंचे हैं। इस दौरान वे पदयात्रा के साथ लगातार दो दिनों तक संगठनात्मक बैठकें करेंगे। इन बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की जाएगी और पार्टी पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।






