खूंटी में नाबालिगों से दुष्कर्म मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तीन गिरफ्तार और एक पीड़िता को बंधक से कराया मुक्त

Share

– बंधक बनाई गई एक पीड़िता को पुलिस ने सकुशल मुक्त कराया, स्कूटी, दो बाइक और तीन मोबाइल जब्त

खूंटी, 04 नवंबर । खूंटी जिले में तीन नाबालिग लड़कियों से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना में शामिल दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

घूमने के बहाने तीनों नाबालिगों को ले गए थे आरोपी

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपित की एक पीड़िता से पहले से जान-पहचान थी। इसी का फायदा उठाकर आरोपित सोमवार को दो सगी बहनों सहित तीन नाबालिग लड़कियों को घूमने के बहाने बहला-फुसलाकर मारंगहादा थाना क्षेत्र ले गए थे।

एसपी के अनुसार, देर शाम दो पीड़िताओं को घर पहुंचाने का झांसा देकर चार आरोपित उन्हें अलग-अलग स्थानों पर ले गए और उनके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद मंगलवार तड़के आरोपित दोनों पीड़िताओं को खूंटी लाकर छोड़ गए।

अर्धनिर्मित फार्म हाउस से मुक्त कराई गई तीसरी पीड़िता

दोनों पीड़िताएं इसके बाद महिला थाना पहुंचीं और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके साथ गई एक अन्य नाबालिग लड़की को आरोपितों ने मारंगहादा थाना क्षेत्र के गाड़ीगांव बाड़ेडीह स्थित एक अर्धनिर्मित फार्म हाउस में बंधक बनाकर रखा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मारंगहादा थाना पुलिस के सहयोग से बताए गए स्थान पर छापेमारी कर तीसरी नाबालिग को सकुशल मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से तीन आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया।

स्कूटी, दो बाइक और मोबाइल फोन जब्त

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपाल मुंडा उर्फ राहुल उर्फ चुड़ू (19), मनसा टूटी उर्फ टाना (18) और मनीष लोहरा (18) के रूप में हुई है। इस संबंध में खूंटी महिला थाना में पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल एक स्कूटी, दो केटीएम बाइक, तीन मोबाइल फोन और घटना के समय आरोपितों द्वारा पहने गए कपड़े बरामद कर जब्त किए हैं।

फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

एसपी ने बताया कि मामले के दो अन्य आरोपित अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) प्रभात कुमार बेक, महिला थाना प्रभारी निशा कुमारी, मारंगहादा थाना प्रभारी जुगेश कुमार, खूंटी थाना के एसआई कुंदन कुमार, महिला थाना के एएसआई मिलन मिंज सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30