– प्राचार्य को सड़क से वापस परिसर में ले आईं छात्राएं, डीईओ ने तीन नोटिस के बाद कार्रवाई की दी जानकारी
कोडरमा, 04 नवंबर । कोडरमा सदर प्रखंड स्थित सीडी बालिका प्लस टू उच्च विद्यालय में बुधवार को प्राचार्य शशि कुमार के निलंबन के विरोध में छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। निलंबन की सूचना मिलते ही छात्राएं कक्षाओं से बाहर निकल आईं और विद्यालय परिसर में प्रदर्शन शुरू कर दिया। विरोध के दौरान छात्राएं विद्यालय से बाहर जा रहे प्राचार्य के पीछे दौड़ीं और उन्हें सड़क से वापस परिसर में ले आईं। छात्राओं ने निलंबन आदेश वापस लेने और प्राचार्य को फिर से जिम्मेदारी सौंपने की मांग की।
प्राचार्य के समर्थन में उतरीं छात्राएं
प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने विभागीय कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि शशि कुमार के प्राचार्य बनने के बाद विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और गतिविधियों में सकारात्मक बदलाव आया है। उनके अनुसार, पठन-पाठन में सुधार हुआ है और विद्यालय का माहौल भी बेहतर हुआ है। छात्राओं ने निलंबन को अनुचित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।
सड़क से प्राचार्य को वापस विद्यालय लाईं छात्राएं
विरोध प्रदर्शन के दौरान प्राचार्य शशि कुमार आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर विद्यालय से बाहर निकलने लगे। इसी बीच छात्राएं मुख्य द्वार से बाहर निकलीं और उनके पीछे दौड़ पड़ीं। छात्राओं ने उन्हें सड़क पर रोक लिया और वापस विद्यालय परिसर में ले आईं। इस घटनाक्रम से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
छात्राएं प्राचार्य को विद्यालय में ही रखने और उनका निलंबन आदेश वापस लेने की मांग पर अड़ी रहीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक आदेश वापस नहीं लिया जाता, उनका विरोध जारी रहेगा।
तीन नोटिस के बाद हुई कार्रवाई : डीईओ
दूसरी ओर, जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकुल राज ने निलंबन की कार्रवाई को विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि प्राचार्य शशि कुमार के खिलाफ विभागीय कार्यों में लगातार लापरवाही बरतने और वरीय अधिकारियों के आदेशों की अनदेखी करने की शिकायतें मिल रही थीं।
डीईओ के अनुसार, इस संबंध में प्राचार्य को तीन बार कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनकी ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद नियमानुसार निलंबन की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि विभाग में इस तरह की कार्रवाई प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और छात्राओं का उग्र होकर विरोध करना उचित नहीं है। डीईओ ने स्वयं विद्यालय पहुंचकर छात्राओं से बातचीत करने और उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराने की बात कही।
पुलिस ने छात्राओं को कराया शांत
विद्यालय में हंगामे की सूचना मिलने पर तिलैया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने छात्राओं से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और वापस विद्यालय के अंदर भेजा। हालांकि, छात्राओं का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ। वे प्राचार्य का निलंबन वापस लेने और उन्हें फिर से विद्यालय की जिम्मेदारी सौंपने की मांग पर अड़ी रहीं।






