बलिराजगढ़ कांड में फरार एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित, 25 हजार का इनाम घोषित

Share

– -एएसआई निलंबित, हत्या का मामला दर्ज; पीड़ित परिवार को 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता

मधुबनी। मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड के बलिराजगढ़ में हुई घटना को जिला प्रशासन ने बेहद दुखद और गंभीर बताया है। जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फरार आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं। उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है।

धरनास्थल पर पहुंचे डीएम और एसएसपी

मंगलवार को जिला पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक खोजपुर चौराहा स्थित धरनास्थल पर पहुंचे। वहां उन्होंने धरनारत लोगों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उनकी बातें सुनीं और उनकी चिंताओं को समझा।

इस दौरान घटना से मर्माहत एक बुजुर्ग महिला भावुक होकर जिलाधिकारी से लिपटकर रोने लगीं। डीएम ने उन्हें ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

एएसआई निलंबित, हत्या का मुकदमा दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिजनों से मुलाकात कर बेहतर इलाज की व्यवस्था कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित एएसआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उसके खिलाफ बाबूबरही थाने में हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की पांच विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। प्रशासन ने कहा है कि आरोपी को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस पूरी तत्परता से काम कर रही है।

स्पीडी ट्रायल से होगी मामले की सुनवाई

जिला प्रशासन ने मामले की प्रभावी पैरवी कर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने की बात कही है, ताकि दोषी को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जा सके।

पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये दिए गए हैं। इसके अलावा कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत निर्धारित राशि जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही अपुष्ट खबरों से बचने और क्षेत्र में शांति, सामाजिक सद्भाव तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने का आग्रह किया गया है।

जिला प्रशासन ने दोहराया है कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषी के प्रति नरमी नहीं बरती जाएगी और कानून के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30