HIV से जंग और भेदभाव पर वार का संदेश लेकर पटना में दौड़ा पूरा देश, नेशनल रेड रन 4.0 का भव्य आयोजन

Share

—गांधी मैदान में 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 10 किलोमीटर दौड़ में 250 और वॉकथॉन में करीब एक हजार लोग हुए शामिल

पटना। बिहार की मेजबानी में पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में ‘नेशनल रेड रन 4.0’ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) के मार्गदर्शन में बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति की ओर से आयोजित इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आए प्रतिभागियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को दूर करने के संदेश के साथ आयोजित 10 किलोमीटर की दौड़ में करीब 250 प्रतिभागी शामिल हुए, जबकि दो किलोमीटर के वॉकथॉन में लगभग एक हजार लोगों ने भाग लिया।

एचआईवी जागरूकता में युवाओं की भूमिका अहम : कुमार रवि

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने कहा कि एचआईवी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़े सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियानों, बेहतर उपचार सुविधाओं और लगातार किए जा रहे प्रयासों से एचआईवी नियंत्रण के क्षेत्र में प्रगति हुई है। समाज में एचआईवी संक्रमित लोगों के प्रति सोच में भी सकारात्मक बदलाव आया है।

उन्होंने संक्रमण की रोकथाम के साथ मां से बच्चे में होने वाले एचआईवी संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एचआईवी केवल यौन संपर्क से ही नहीं, बल्कि संक्रमित रक्त और अन्य माध्यमों से भी फैल सकता है। इसलिए समाज के हर वर्ग तक इससे जुड़ी सही जानकारी पहुंचाना जरूरी है।

जांच और भ्रांतियां दूर करने पर दिया जोर

बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के परियोजना निदेशक सुमित कुमार ने कहा कि आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी यह दिखाती है कि एचआईवी के खिलाफ जागरूकता अभियान में देशभर के लोग एकजुट होकर हिस्सा ले रहे हैं।

नाको की उप महानिदेशक डॉ. तान्जिन डिकिड और यूनिसेफ की फील्ड ऑफिसर मोनिका नेल्सन ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने एचआईवी जांच की आवश्यकता और संक्रमण से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों को दूर करने पर जोर दिया।

दौड़ के विजेताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने 10 किलोमीटर की दौड़ की विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया।

बालक वर्ग

  • प्रथम : अनुपम महतो (पश्चिम बंगाल)
  • द्वितीय : अभिषेक कुमार (उत्तर प्रदेश)
  • तृतीय : विद्या सागर (उत्तर प्रदेश)

बालिका वर्ग

  • प्रथम : स्नेहल खरात (महाराष्ट्र)
  • द्वितीय : अंजलि पाटीदार (मध्य प्रदेश)
  • तृतीय : सोनी देवी (उत्तर प्रदेश)

अभिनेता अशोक पाठक समेत कई हस्तियां रहीं मौजूद

आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय धावक पीयूष राज, अंतरराष्ट्रीय पैरा एथलीट शैलेश कुमार और लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ में विनोद की भूमिका निभाने वाले अभिनेता अशोक पाठक शामिल हुए।

इस अवसर पर बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति के संयुक्त निदेशक मनोज कुमार सिन्हा, अपर परियोजना निदेशक एन.के. गुप्ता और सहायक निदेशक आलोक सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30