मुजफ्फरपुर में जेसीबी से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, जोरदार धमाके में एक की मौत; कई घायल

Share

—गोबरसाही इलाके में नाला निर्माण के दौरान हुआ हादसा, गैस रिसाव के बाद विस्फोट से मची अफरा-तफरी; चार से पांच लोगों के घायल होने की सूचना

मुजफ्फरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोबरसाही इलाके में सोमवार को गैस पाइपलाइन में जोरदार विस्फोट होने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि चार से पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

नाला खुदाई के दौरान टूटी गैस पाइपलाइन

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोबरसाही से डुमरी की ओर जाने वाले मार्ग पर नाला निर्माण के लिए जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी। इसी दौरान जेसीबी की चपेट में आने से गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने के बाद गैस का रिसाव शुरू हो गया।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गैस रिसाव की सूचना मिलने के बाद आपूर्ति बंद कराने के लिए तकनीकी टीम को बुलाया गया था, लेकिन टीम करीब आधे घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इसी बीच अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके की चपेट में वहां मौजूद लोग और वाहन आ गए।

जेसीबी और आसपास खड़े वाहन क्षतिग्रस्त

विस्फोट इतना तेज था कि नाला निर्माण में लगी जेसीबी मशीन और आसपास खड़े कई वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सदर अस्पताल और एसकेएमसीएच में घायलों का इलाज

घायलों को सदर अस्पताल और श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से गैस रिसाव पूरी तरह बंद कराने और आसपास के इलाके को सुरक्षित करने की कार्रवाई की जा रही है।

एसडीपीओ ने की एक मौत की पुष्टि

नगर-2 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दीपक कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सड़क की खुदाई के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि अब तक एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है और घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर मौजूद हैं। प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30