समस्तीपुर कोर्ट से फरार और अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का कुख्यात अपराधी एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच शुरू

Share

—वैशाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार, अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपित; 17 आपराधिक मामले दर्ज

पटना, 02 नवम्बर। बिहार के वैशाली जिले में समस्तीपुर कोर्ट से फरार कुख्यात अपराधी राज नंदन कुमार उर्फ छोटू का पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। रविवार देर रात सदर थाना क्षेत्र के मरमला चौर में हुई मुठभेड़ के दौरान उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी का इलाज हाजीपुर सदर अस्पताल में चल रहा है।

गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस और एसटीएफ की टीम

वैशाली पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि राज नंदन कुमार किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मरमला चौर में छिपा हुआ है। इसी सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में छापेमारी की।

पुलिस का कहना है कि खुद को घिरा देखकर अपराधी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए उसे पकड़ लिया।

घटनास्थल से हथियार बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से हथियार भी बरामद किया है। घायल अपराधी की पहचान दिग्घी कला निवासी चंदेश्वर राय के पुत्र राज नंदन कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटनास्थल पर उसके साथ और कौन-कौन मौजूद था।

लूट और आर्म्स एक्ट समेत 17 मामले दर्ज

पुलिस के मुताबिक, राज नंदन कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ लूट और आर्म्स एक्ट समेत करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह वैशाली और समस्तीपुर पुलिस के लिए लंबे समय से वांछित था। बताया जाता है कि वह समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही थीं।

2025 में समस्तीपुर कोर्ट परिसर से हुआ था फरार

राज नंदन पहले भी पुलिस की गिरफ्त से भाग चुका है। वर्ष 2025 में न्यायालय में पेशी के दौरान वह पुलिस को चकमा देकर समस्तीपुर कोर्ट परिसर से फरार हो गया था। इसके बाद से ही जिला पुलिस और एसटीएफ की विशेष टीमें उसकी तलाश में जुटी थीं।

एसएसपी और एसडीपीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

मुठभेड़ की सूचना मिलने पर एसएसपी शुभांक मिश्रा और सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर मामले की जांच की। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधी के नेटवर्क और उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30