रांची। राजधानी रांची के पिठौरिया इलाके में अपराधियों ने कृष्णा होटल के मैनेजर बालेश्वर गोराई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। शुक्रवार सुबह उनका शव सड़क किनारे बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि वह होटल में काम खत्म करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो शुरू हुई तलाश
बालेश्वर गोराई के दोस्त संदीप साहू ने बताया कि होटल में काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रहे थे। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों और दोस्तों को चिंता हुई। इसके बाद सभी ने उनकी तलाश शुरू कर दी।
दोस्तों ने उन्हें फोन भी किया था। उस समय उन्होंने बाहर होने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो पाया। खोजबीन के दौरान सड़क किनारे एक शव मिलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचने पर शव की पहचान बालेश्वर गोराई के रूप में हुई।
हत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं
बालेश्वर गोराई की हत्या किस वजह से की गई और इसमें कौन लोग शामिल हैं, इसका अब तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आपसी विवाद, पुरानी रंजिश समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पिठौरिया थाना प्रभारी सतीश पांडेय ने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।
हत्या के विरोध में पिठौरिया चौक जाम
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने पिठौरिया चौक पर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
सड़क जाम होने के कारण इलाके में आवागमन प्रभावित हुआ। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।






