पटना के पालीगंज में डेढ़ साल के मासूम की निर्मम हत्या, दुर्गा मंदिर में मिला सिर और धड़

Share

—छोटे भाई को गोद में उठाकर घर से करीब 200 मीटर दूर मंदिर ले गया आरोपी, पुलिस ने बड़े भाई को गिरफ्तार किया

पटना। बिहार के पटना जिले के पालीगंज से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रानीतालाब थाना क्षेत्र के जीतन छपरा गांव में डेढ़ साल के मासूम की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। बच्चे का सिर और धड़ अलग-अलग मिले। आरोप है कि उसके 22 वर्षीय बड़े भाई ने मंदिर में बच्चे की हत्या कर सिर मां दुर्गा के सामने रख दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

दुर्गा मंदिर में मिला मासूम का शव

जानकारी के अनुसार, जीतन छपरा गांव निवासी रंजू यादव का डेढ़ साल का सबसे छोटा बेटा घर से करीब 200 मीटर दूर स्थित गांव के दुर्गा मंदिर में मृत मिला। आरोप है कि उसका बड़ा भाई अजीत कुमार उर्फ बाला बच्चे को गोद में उठाकर मंदिर ले गया था, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई।

मंदिर परिसर में बच्चे का सिर और धड़ अलग-अलग पड़े देखकर ग्रामीण स्तब्ध रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई।

नशे का आदी बताया जा रहा आरोपी

स्थानीय जानकारी के मुताबिक, आरोपी अजीत कुमार की उम्र करीब 22 वर्ष है और वह पिछले कई महीनों से नशे का आदी बताया जा रहा है। हालांकि, बच्चे की हत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या था, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और परिवार के सदस्यों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही बच्चे के माता-पिता मंदिर पहुंचे। वहां अपने मासूम बेटे की हालत देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पालीगंज के डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने पटना से एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।

हत्या की वजह जानने में जुटी पुलिस

डीएसपी-2 पंकज शर्मा ने बताया कि स्थानीय लोगों से जीतन छपरा गांव के दुर्गा मंदिर में एक बच्चे का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने कहा कि घटना के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल जांच और पूछताछ के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031