दाल तड़का में कॉकरोच मिलने पर हाजीपुर के साहू होटल का खाद्य लाइसेंस निलंबित

Share

—खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निरीक्षण में किचन मिला अस्वच्छ, खुले में और गंदे स्थान पर रखे थे तैयार खाद्य पदार्थ; बिना वैध लाइसेंस संचालन पर रोक

पटना/हाजीपुर, 22 अक्टूबर। दाल तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद हाजीपुर के राजेंद्र चौक स्थित मेसर्स साहू होटल के खिलाफ कार्रवाई की गई है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निरीक्षण में होटल का किचन अस्वच्छ पाया गया और तैयार खाद्य पदार्थ खुले में तथा गंदे स्थान पर रखे मिले। इसके बाद खाद्य संरक्षा आयुक्त कुमार रवि के निर्देश पर प्रतिष्ठान का खाद्य लाइसेंस 22 अक्टूबर 2026 से तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण

स्वास्थ्य विभाग, बिहार सरकार के अनुसार, साहू होटल के दाल तड़का में कॉकरोच मिलने की शिकायत खाद्य संरक्षा आयुक्त कार्यालय, पटना को मिली थी। शिकायत के आधार पर वैशाली जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने होटल का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान किचन में स्वच्छता की कमी पाई गई। साथ ही, तैयार खाद्य पदार्थों को खुले में और गंदे स्थान पर भंडारित किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई

विभाग के अनुसार, निरीक्षण में मिली अनियमितताएं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की अनुसूची-4 और गुड मैन्युफैक्चरिंग प्रैक्टिस (जीएमपी) के प्रावधानों का उल्लंघन हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए अभिहित अधिकारी-सह-लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने होटल का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इसके साथ ही बिना वैध लाइसेंस के प्रतिष्ठान के संचालन पर रोक लगा दी गई है।

खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों के पालन की अपील

स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य कारोबारियों से निर्धारित स्वच्छता मानकों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि आम लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को सुरक्षित तरीके से रखने पर जोर दिया गया है, ताकि लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031