विजयादशमी पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, पीएम मोदी और उपराष्ट्रपति समेत कई नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Share

नई दिल्ली, 20 अक्टूबर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत देश के कई प्रमुख नेताओं ने मंगलवार को विजयादशमी के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने अपने संदेशों में सत्य, धर्म और न्याय की विजय का उल्लेख करते हुए लोगों से सदाचार अपनाने तथा समाज में प्रेम और सद्भाव बनाए रखने का आह्वान किया।

राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने दीं शुभकामनाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर देश-विदेश में रहने वाले भारतीयों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संदेश में कामना की कि उल्लास और विश्वास का यह विजय पर्व सभी के संकल्प को नई शक्ति प्रदान करे। उन्होंने कहा कि सभी का जीवन सुख, सौभाग्य और सफलता से समृद्ध हो।

ओम बिरला बोले- सत्य और धर्म की ही होती है विजय

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विजयादशमी को सत्य, न्याय और सदाचार में अटूट विश्वास का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व याद दिलाता है कि अन्याय, अत्याचार और बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम द्वारा रावण का वध अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश देता है। दशहरा लोगों को अहंकार, अन्याय और नकारात्मकता का त्याग कर सत्य, मर्यादा और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी से बेहतर समाज के निर्माण के लिए सत्य और सदाचार के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

राजनाथ सिंह ने सुख-शांति और समृद्धि की कामना की

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विजयादशमी अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। यह पर्व देश की आस्था, सभ्यता और सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव भी है। उन्होंने कामना की कि यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए तथा समाज में सद्भाव और सौहार्द बढ़ाए।

अमित शाह ने धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने का दिया संदेश

केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व धर्म, मर्यादा और कर्तव्य के पथ पर दृढ़ता से आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी के जीवन में उल्लास और नई ऊर्जा का संचार करने की कामना की।

जेपी नड्डा और शिवराज सिंह ने दिया सत्य का संदेश

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विजयादशमी को अधर्म पर धर्म, असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत विजय का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य, साहस और मर्यादा के मार्ग पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रभु श्रीराम से सभी को धर्मपथ पर चलने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि यह पर्व धर्म, सत्य, न्याय और सदाचार की विजय का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपने भीतर की बुराइयों का त्याग कर मानवता के मार्ग पर चलने की अपील की। उन्होंने कामना की कि प्रभु श्रीराम की कृपा से हर हृदय धर्म और सत्य के प्रकाश से आलोकित हो।

गिरिराज सिंह ने सदाचार अपनाने की अपील की

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि विजयादशमी का पर्व लोगों को अपने जीवन से बुराइयों का अंत कर सदाचार, संयम और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मल्लिकार्जुन खरगे ने अहंकार और भेदभाव से ऊपर उठने का दिया संदेश

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि सत्य की असत्य पर, न्याय की अन्याय पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का यह पर्व लोगों को अहंकार, द्वेष और भेदभाव से ऊपर उठने की प्रेरणा देता है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031