तिरंगा मार्च से पहले सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके हिरासत में, कनॉट प्लेस में भारी सुरक्षा; नेहा बोरा भी डिटेन

Share

—‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च की अनुमति नहीं मिलने के बाद दिल्ली पुलिस की कार्रवाई, सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद

नई दिल्ली। दिल्ली के कनॉट प्लेस में प्रस्तावित ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च से पहले पुलिस ने सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को हिरासत में ले लिया। उनके साथ नेहा बोरा को भी मंडी हाउस से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, दीपके और सीजेपी के अन्य कार्यकर्ताओं को तिरंगा मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई थी। मार्च को लेकर कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

बाहर निकलते ही अभिजीत दीपके को लिया हिरासत में

जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके के अपने ठिकाने से बाहर निकलते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस से हिरासत में लेने का कारण पूछा। पुलिस ने बताया कि उन्हें एहतियातन कार्रवाई के तहत हिरासत में लिया जा रहा है।

दीपके ने सवाल किया कि जब वह अकेले जा रहे हैं और कानून नहीं तोड़ रहे हैं, तो उन्हें क्यों रोका जा रहा है। इस पर पुलिस ने कहा कि वह संबंधित स्थान पर नहीं जा सकते।

कनॉट प्लेस के तीनों सर्किल में सुरक्षा कड़ी

प्रस्तावित तिरंगा मार्च को देखते हुए कनॉट प्लेस के आउटर, मिडिल और इनर सर्किल में दिल्ली पुलिस के साथ अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। सेंट्रल पार्क के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

पार्क के प्रवेश द्वारों से लेकर आसपास की दुकानों, पार्किंग स्थलों और फुटपाथों तक पुलिसकर्मी तैनात हैं। पुलिस पूरे इलाके पर नजर रख रही है, ताकि बिना अनुमति कोई समूह मार्च नहीं निकाल सके।

सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद

दिल्ली पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कनॉट प्लेस में प्रस्तावित मार्च को अनुमति नहीं दी गई है। प्रशासन ने इलाके में प्रतिबंधात्मक व्यवस्था भी लागू की है। इसके तहत सेंट्रल पार्क को 16 और 17 अक्टूबर को आम लोगों के लिए बंद रखा गया है।

रिपोर्टों के मुताबिक, कुछ लोग तिरंगा लेकर कनॉट प्लेस के इनर सर्किल में पहुंचने और नारेबाजी करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे लोगों को पुलिस हिरासत में ले रही है। पुलिस किसी भी समूह को इलाके में घूम-घूमकर मार्च निकालने की अनुमति नहीं दे रही है।

मार्च से पहले पुलिस ने दिया था नोटिस

‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च का ऐलान सीजेपी की ओर से किया गया था। इससे पहले दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को नोटिस देकर बिना अनुमति कनॉट प्लेस में मार्च नहीं निकालने की चेतावनी दी थी।

पुलिस का कहना था कि तिरंगा फहराना अपने आप में प्रतिबंधित नहीं है, लेकिन बिना अनुमति मार्च निकालना या भीड़ जुटाना लागू प्रतिबंधों का उल्लंघन हो सकता है।

फिलहाल कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। पुलिस की निगरानी जारी है और प्रस्तावित मार्च को लेकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031