बेतिया में गन्ने के खेत से 15 वर्षीय किशोर का शव बरामद, हत्या की आशंका से सनसनी

Share

—पूजा के लिए फूल चुनने घर से निकला था दसवीं का छात्र सुजीत कुमार, माथे पर गंभीर चोट और गर्दन पर धारदार हथियार के निशान मिले

बेतिया, 16 अक्टूबर। पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थाना क्षेत्र के लोहरपटिया गांव में शुक्रवार को शायरी माई स्थान के समीप गन्ने के खेत से 15 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बसवरिया पराउटोला पंचायत के डुमरा गांव निवासी जोखू साह के पुत्र सुजीत कुमार के रूप में हुई है। किशोर के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

पूजा के लिए फूल चुनने निकला था किशोर

परिजनों के अनुसार, सुजीत शुक्रवार सुबह पूजा के लिए फूल चुनने घर से निकला था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान शायरी माई स्थान से गन्ने के खेत तक फूल बिखरे हुए मिले। उन्हीं के सहारे खेत में पहुंचे परिजनों ने सुजीत का शव देखा।

शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

माथे पर चोट, गर्दन पर धारदार हथियार के निशान

जानकारी के अनुसार, किशोर के माथे पर गंभीर चोट थी और गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इन परिस्थितियों के आधार पर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, घटना के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

फॉरेंसिक टीम ने की जांच, डॉग स्क्वायड को नहीं मिला ठोस सुराग

सूचना मिलने पर लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच की। डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।

पुलिस के अनुसार, मृतक के पिता ने आवेदन दिया है, लेकिन उसमें किसी को नामजद नहीं किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच, बेतिया भेजा जा रहा है।

सभी संभावित पहलुओं पर जांच

सुजीत दसवीं कक्षा का छात्र था और अगले वर्ष मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था। किशोर की मौत से गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031