—शराब लदी पिकअप का पीछा कर रही ईआईबी टीम पर हमला, काली स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने चलाईं गोलियां; आरोपितों की तलाश में छापेमारी
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची मद्य निषेध विभाग की टीम पर हमला कर दिया गया। पावापुरी थाना क्षेत्र में शराब लदी पिकअप वैन का पीछा कर रही पटना मुख्यालय की एक्साइज इंटेलिजेंस ब्यूरो (ईआईबी) टीम पर तस्करों और उनके कथित लाइनर ने अंधाधुंध फायरिंग की। इस हमले में सिपाही अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले पावापुरी स्थित भगवान महावीर आयुर्विज्ञान संस्थान (विम्स) ले जाया गया, जहां से पटना के पीएमसीएच रेफर किया गया। वहां इलाज के दौरान रात करीब डेढ़ बजे उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस और उत्पाद विभाग में हड़कंप मच गया। हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।
झारखंड से शराब की खेप आने की मिली थी सूचना
नालंदा के उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी के अनुसार, पटना मुख्यालय की ईआईबी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप पिकअप वैन के जरिए बिहार लाई जा रही है। संदिग्ध वाहन नवादा जिले के खराट मोड़ से नालंदा की ओर आ रहा था।
सूचना के आधार पर ईआईबी टीम ने राजगीर उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कार्रवाई की तैयारी की। टीम संदिग्ध पिकअप का पीछा करते हुए पावापुरी-सिलाव इलाके में हाईवे पर फ्लाईओवर के समीप पहुंची।
काली स्कॉर्पियो से आए हमलावरों ने की फायरिंग
बताया गया कि जब उत्पाद विभाग की टीम ने शराब लदी पिकअप को रोकने का इशारा किया, तभी एक काले रंग की स्कॉर्पियो ओवरटेक करके सामने आई। आरोप है कि उसमें सवार हमलावरों ने टीम पर गोलियां चला दीं। इस दौरान एक गोली सिपाही अजीत कुमार को लगी और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
अचानक हुई फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका फायदा उठाकर शराब तस्कर और उनके कथित सहयोगी वाहन लेकर फरार हो गए।
विम्स से पीएमसीएच किया गया था रेफर
गोली लगने के बाद साथी पुलिसकर्मी अजीत कुमार को तत्काल पावापुरी स्थित विम्स अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें पटना के पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शहीद सिपाही के शव का पोस्टमार्टम पटना में कराए जाने की जानकारी दी गई है।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
उत्पाद थानाध्यक्ष नीतीश कुमार के अनुसार, घटना के बाद हाईवे और आसपास के रास्तों पर नाकेबंदी की गई है। उत्पाद विभाग और स्थानीय पुलिस की टीमें संयुक्त रूप से हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।
गुरुवार सुबह नालंदा के एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उत्पाद अधीक्षक ने की घटना की पुष्टि
उत्पाद अधीक्षक संजय कुमार चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान फायरिंग में ईआईबी के सिपाही अजीत कुमार घायल हो गए। उन्हें पहले विम्स और फिर पीएमसीएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और शराब तस्करी में शामिल लोगों तथा हमले के आरोपितों की तलाश की जा रही है।





