NDA ने उपराष्ट्रपति पद के लिए सीपी राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार, बीजेपी संसदीय बोर्ड की बैठक में हुआ फैसला

Share

DESK : एनडीए (NDA) ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। तमिलनाडु के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को उपराष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार बनाया गया है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनके नाम की घोषणा की। दिल्ली में हुई बीजेपी संसदीय बोर्ड की अहम बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक के बाद राधाकृष्णन के नाम पर मुहर लगाई गई।

कौन हैं सीपी राधाकृष्णन?

सीपी राधाकृष्णन का जन्म 20 अक्टूबर 1957 को तमिलनाडु के तिरुप्पर में हुआ था, उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की पढ़ाई की है। वे युवावस्था से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़े रहे और 1974 में जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी समिति के सदस्य बने।

राजनीतिक करियर की बात करें तो 1996 में वे बीजेपी तमिलनाडु के सचिव बने और 1998 में पहली बार कोयंबटूर से लोकसभा सांसद चुने गए। 1999 में उन्होंने लगातार दूसरी बार जीत हासिल की, सांसद रहते हुए उन्होंने कपड़ा उद्योग से जुड़ी संसदीय समिति की अध्यक्षता की और कई अन्य अहम समितियों में भी भूमिका निभाई।

राज्यपाल के तौर पर निभाई अहम भूमिका

8 फरवरी 2023 को उन्हें झारखंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया, उन्होंने महज चार महीने में राज्य के सभी 24 जिलों का दौरा कर आम जनता और प्रशासनिक अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित किया। इसके बाद 31 जुलाई 2024 को उन्हें महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया।

अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी रखी भारत की बात

2004 में उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित किया और एक संसदीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ताइवान का दौरा किया। इसके अलावा वे अमेरिका, यूरोप और एशिया के कई देशों की यात्राएं भी कर चुके हैं। अब एनडीए ने उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च संवैधानिक पद उपराष्ट्रपति के लिए अपना प्रत्याशी घोषित किया है, आगामी चुनाव में उनकी भूमिका पर पूरे देश की निगाहें टिकी होंगी।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930