रांची, 10 अक्टूबर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के प्रोफेसर एवं कांग्रेस सांसद डॉ. अंगोमचा बिमोल अकोइजम से जुड़े यौन उत्पीड़न प्रकरण को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने शनिवार को रांची स्थित कांग्रेस भवन के सामने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेतृत्व से मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। इस दौरान कांग्रेस भवन के बाहर लगाई गई बैरिकेडिंग के पास पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच नोक-झोंक भी हुई।
जुलूस निकालकर कांग्रेस भवन पहुंचीं महिला कार्यकर्ता
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता जिला स्कूल मैदान, शहीद चौक से जुलूस के रूप में निकलीं और कांग्रेस भवन पहुंचीं। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे थे। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों पर राजनीतिक दलों को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने “कांग्रेस चुप्पी तोड़ो, जेएनयू की घटना पर जवाब दो” और “राहुल गांधी शर्म करो” जैसे नारे लगाए।
बैरिकेडिंग के पास पुलिस से नोक-झोंक
कांग्रेस भवन पहुंचने के बाद महिला कार्यकर्ताओं ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग के सामने विरोध जताया। बैरिकेडिंग पार करने के प्रयास के दौरान पुलिसकर्मियों और कार्यकर्ताओं के बीच नोक-झोंक हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारी वहीं धरने पर बैठ गईं और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी जारी रखी।
सीमा सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व से पूछे सवाल
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी देशभर में पितृसत्तात्मक व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाते हैं, जबकि प्रियंका गांधी का नारा ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ है। उन्होंने सवाल उठाया कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े गंभीर मामले सामने आने पर कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिक्रिया धीमी क्यों पड़ जाती है।

सीमा सिंह ने कांग्रेस से इस प्रकरण पर अपना रुख स्पष्ट करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और न्याय का मुद्दा किसी भी राजनीतिक दल के लिए केवल नारेबाजी तक सीमित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिला सम्मान के मुद्दे पर दोहरा रवैया अपना रही है। सीमा सिंह ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा महिलाओं के सम्मान और न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाता रहेगा।
विधायक सीपी सिंह ने भी मांगा जवाब
रांची के विधायक सीपी सिंह ने भी कांग्रेस नेतृत्व से इस प्रकरण पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी महिलाओं के अधिकारों और समानता की बात करते हैं, इसलिए इस मामले में भी जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सीपी सिंह ने कहा कि यौन उत्पीड़न से जुड़े गंभीर आरोपों और जांच के निष्कर्षों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। ऐसे मामलों में निष्पक्षता और न्याय सुनिश्चित करना जरूरी है।

कई भाजपा महिला कार्यकर्ता रहीं मौजूद
प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पायल सोनी, अनीता वर्मा, कुमुद झा, निशि जायसवाल, रंजिता सिंह, सुप्रिया दुबे, दिव्या साहू, गीता गुप्ता, लभली पाठक, मंजू चौरसिया, बबीता साहू, डोली जायसवाल, सुनीता सोनी और रेनू सिंह सहित कई महिला कार्यकर्ता शामिल हुईं।
इसके अलावा किरण देवी, केके गुप्ता, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा, राजू सिंह, संकेत तिवारी और नीरज चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस नेतृत्व से महिलाओं के सम्मान और न्याय से जुड़े मुद्दों पर स्पष्ट रुख अपनाने की मांग दोहराई।






