देवघर एम्स के दीक्षांत समारोह में शामिल हुए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, बोले- डॉक्टर बनने के बाद मानवता की सेवा को बनाएं जीवन का लक्ष्य

Share

—विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ चिकित्सा धर्म निभाने का आह्वान, राज्यपाल संतोष गंगवार ने भी समाज सेवा को बताया दायित्व

देवघर, 10 अक्टूबर। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों से सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज के कल्याण तथा मानवता की सेवा के लिए करना चाहिए।

उपराष्ट्रपति शनिवार को देवघर जिले के देवीपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई। उपराष्ट्रपति ने उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। संबोधन से पहले उन्होंने बाबा बैद्यनाथ को नमन किया।

सेवा भाव और संवेदनशीलता को बनाएं कार्य का मूल मंत्र

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि चिकित्सा क्षेत्र केवल ज्ञान और दक्षता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सेवा भाव, कर्तव्यनिष्ठा और संवेदनशीलता की भी अहम भूमिका है। उन्होंने चिकित्सा के विद्यार्थियों से इन मूल्यों को अपने पेशे का आधार बनाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि चिकित्सा शिक्षा हासिल करने वाले युवाओं को अपनी योग्यता का इस्तेमाल जनहित, सामाजिक उत्थान और मानव सेवा के लिए करना चाहिए। मरीजों की पीड़ा को समझना और जरूरतमंदों की मदद करना चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

मानव की पीड़ा कम करना हमारी पुरानी परंपरा : राज्यपाल

समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि बाबा बैद्यनाथ की पावन नगरी में आयोजित एम्स के दीक्षांत समारोह में उपराष्ट्रपति की उपस्थिति सभी के लिए गर्व की बात है। उन्होंने झारखंड की जनता की ओर से उपराष्ट्रपति के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका झारखंड से पहले से जुड़ाव रहा है।

राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए विद्यार्थियों के माता-पिता और अभिभावकों को भी बधाई दी।

संतोष गंगवार ने कहा कि मानव की रक्षा करना और उसकी पीड़ा कम करना हमारी पुरानी परंपरा रही है। इस परंपरा को आगे बढ़ाना सभी का दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और दक्षता के माध्यम से समाज की सेवा करने तथा जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।

देवघर एयरपोर्ट पर उपराष्ट्रपति का स्वागत

इससे पहले शनिवार सुबह उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन देवघर एयरपोर्ट पहुंचे। वहां राज्यपाल संतोष गंगवार, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, गोड्डा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

राज्यपाल के देवघर एयरपोर्ट पहुंचने पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, नगर आयुक्त सुलोचना मीना और देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जनप्रतिनिधियों और एम्स के अधिकारियों की रही मौजूदगी

दीक्षांत समारोह में राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, देवघर विधायक सुरेश पासवान, एम्स के निदेशक, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित थे।

समारोह में उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र में अपनी शिक्षा और दक्षता का उपयोग समाज के हित में करने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों को चिकित्सा पेशे का महत्वपूर्ण आधार बताया।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031