उज्जैन, 18 सितंबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शुक्रवार तड़के करीब चार बजे मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा महाकाल की प्रात:कालीन भस्म आरती में शामिल होकर विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया और देशवासियों के सुख-समृद्धि, शांति एवं कल्याण की कामना की। इस दौरान मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया भी मौजूद रहे।
नंदी हॉल में करीब डेढ़ घंटे तक की आराधना
नितिन नवीन भस्म आरती के दौरान नंदी हॉल में बैठे और हाथ जोड़कर बाबा महाकाल की आराधना करते नजर आए। वह करीब डेढ़ घंटे तक आरती में शामिल रहे। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।
नितिन नवीन पारंपरिक सोला-परिधान में भस्म आरती में शामिल हुए। उन्होंने पीले रंग की धोती धारण की थी। मंदिर की परंपरा के अनुसार भस्म आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित पारंपरिक परिधान धारण करना अनिवार्य होता है।
चांदी की देहरी से किया पूजन और जलाभिषेक
भाजपा अध्यक्ष ने बाबा महाकाल के दिव्य स्वरूप के दर्शन किए और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने चांदी की देहरी से बाबा महाकाल का पूजन किया और जलाभिषेक भी किया।
भस्म आरती के दौरान उन्होंने काफी देर तक ध्यान और आराधना में समय बिताया।
देशवासियों के कल्याण की कामना
दर्शन के बाद नितिन नवीन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बाबा महाकाल की पावन नगरी में आकर दर्शन करने और भस्म आरती में शामिल होने का सौभाग्य मिला। उन्होंने भगवान महाकाल से देश के नागरिकों की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
उन्होंने कहा कि वह पहली बार मध्य प्रदेश और उज्जैन आए हैं। उनके मुताबिक, जो भी व्यक्ति महाकाल की नगरी में आता है, वह बाबा महाकाल के दर्शन और भस्म आरती में शामिल होकर ही जाता है।

शिप्रा तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में हुए शामिल
नितिन नवीन 17 और 18 सितंबर को मध्य प्रदेश के दौरे पर हैं। गुरुवार को उज्जैन में उन्होंने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शिप्रा तट पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
रामघाट पर उन्होंने ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्ज्वलित किया। इसके साथ ही शिप्रा आरती और भजन संध्या में भी शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने उज्जैन में रात्रि विश्राम किया और शुक्रवार सुबह महाकाल मंदिर पहुंचकर भस्म आरती में हिस्सा लिया।
मंदिर समिति ने किया स्वागत
भस्म आरती और दर्शन के बाद श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्वागत किया गया।
कलेक्टर एवं मंदिर समिति अध्यक्ष रोशन कुमार सिंह तथा प्रशासक एवं अपर कलेक्टर प्रथम कौशिक ने दोनों नेताओं को शॉल, श्रीफल और बाबा महाकाल का प्रसाद भेंट किया।
पंचामृत अभिषेक के बाद बाबा का विशेष श्रृंगार
शुक्रवार सुबह करीब चार बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद भगवान महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। सबसे पहले पंचामृत अभिषेक और पूजन हुआ। दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक के बाद बाबा महाकाल का भांग, चंदन और आभूषणों से श्रृंगार किया गया।
इसके बाद महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान महाकाल को भस्म अर्पित की गई।

रजत मुकुट और पुष्पमालाओं से सजे बाबा महाकाल
भस्म आरती के बाद बाबा महाकाल को रजत मुकुट, मुंडमाला, रुद्राक्ष की माला और पुष्पमालाओं से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भस्म आरती के दर्शन किए।
श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर लगातार बाबा महाकाल के जयकारों से गूंजता रहा।






