पटना, 17 सितंबर। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
विश्वकर्मा पूजा पर बिहारवासियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि विश्वकर्मा पूजा के पावन अवसर पर सभी बिहारवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जन्मदिवस भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र और देशसेवा के लिए समर्पित किया है। मुख्यमंत्री ने उनके दीर्घ राष्ट्रसेवा के सफर को नमन करते हुए उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’
मुख्यमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे बिहार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसके तहत जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी प्रखंडों और विधानसभा क्षेत्रों में ‘सरकार आपके द्वार’ समाधान शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
मार्च 2027 तक चलेगा ‘कायाकल्प अभियान’
सम्राट चौधरी ने कहा कि मार्च 2027 तक ‘कायाकल्प अभियान’ के माध्यम से विकास कार्यों में तेजी लाई जाएगी। इसके साथ ही स्वच्छता और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता तथा उनकी पहुंच को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अभियान के जरिए सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लोगों तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
‘एक दीप’ जलाकर संकल्प मजबूत करने की अपील
मुख्यमंत्री ने लोगों से विश्वकर्मा पूजा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर एक दीप जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह दीप प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सफल जीवन तथा विकसित भारत और समृद्ध बिहार के संकल्प को और मजबूत करने का प्रतीक बने।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा, विकास और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से बिहार को आगे ले जाने में सहभागी बनने का आह्वान किया।






