पलामू, 14 सितंबर । सदर अस्पताल पलामू के सामने अवैध रूप से संचालित रीमा सेवा सदन के खिलाफ रविवार रात प्रशासन ने कार्रवाई की। जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने सिविल सर्जन डॉ. अनिल श्रीवास्तव के साथ मिलकर सेवा सदन को सील कर दिया।
वैध किरायानामा और जरूरी अभिलेख नहीं मिले
जांच के दौरान रीमा सेवा सदन परिसर का वैध किरायानामा उपलब्ध नहीं पाया गया। मौके पर कोई चिकित्सक या स्वास्थ्यकर्मी भी मौजूद नहीं था।
अधिकारियों को ऑपरेशन कक्ष, भर्ती मरीज एवं छुट्टी पंजिका के अलावा संबंधित चिकित्सकों की सहमति और अनुबंध पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं मिले।
जैव चिकित्सा कचरे के निस्तारण में भी कमी
जांच में जैव चिकित्सा अपशिष्ट के उचित निस्तारण की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं मिली। वहां उपलब्ध व्यवस्था की वैधता अवधि समाप्त पाई गई।
इसके अलावा अग्नि सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपकरण और सुरक्षा संबंधी अन्य व्यवस्थाओं का भी अभाव मिला। प्रशासन ने इन कमियों को मरीजों की सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर माना।
ऑपरेशन कक्ष में मिली गंदगी
विशेष रूप से ऑपरेशन कक्ष की स्थिति बेहद खराब पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, वहां बेहोशी देने के लिए आवश्यक व्यवस्था और निर्धारित कार्यस्थल भी उपलब्ध नहीं था।
ऑपरेशन के लिए इस्तेमाल होने वाले लैंप के स्थान पर साधारण जांच लैंप का इस्तेमाल किया जा रहा था। ऑपरेशन टेबल भी अत्यंत गंदा, क्षतिग्रस्त और फटा हुआ पाया गया।
अधिकारियों के अनुसार, ऐसी स्थिति संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुरक्षा के लिहाज से गंभीर है।
आपातकालीन उपचार की जरूरी सुविधाएं भी नहीं मिलीं
जांच में किसी भी आपातकालीन चिकित्सकीय स्थिति से निपटने के लिए जरूरी उपकरण, दवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं मिलीं।
इसके अलावा सेवा सदन परिसर में बिना वैध लाइसेंस के दवा दुकान संचालित किए जाने की बात भी जांच के दौरान सामने आई।
दो भर्ती महिला मरीजों को सदर अस्पताल भेजा गया
कई गंभीर कमियां मिलने के बाद प्रशासन ने रीमा सेवा सदन को सील कर दिया। सीलिंग की कार्रवाई के समय वहां दो महिला मरीज भर्ती थीं। दोनों ऑपरेशन के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रही थीं।
दोनों मरीजों को तत्काल सदर अस्पताल भेज दिया गया। सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने कार्रवाई की जानकारी दी।






