सुपौल के छात्रावास में 8 वर्षीय छात्र की संदिग्ध मौत, छत पर फंदे से लटका मिला शव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Share

सुपौल, 07 सितंब। जिले के गौरवगढ़ स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में सोमवार को आठ वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्र की मौत के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की पहचान मरौना थाना क्षेत्र के परिकोच निवासी शिव शंकर यादव के आठ वर्षीय पुत्र प्रियांशु कुमार के रूप में हुई है। प्रियांशु शानवी पब्लिक स्कूल में पहली कक्षा का छात्र था और विद्यालय के छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था।

छात्रावास की छत पर फंदे से लटका मिला

जानकारी के अनुसार, सोमवार को प्रियांशु छात्रावास की छत पर संदिग्ध अवस्था में फंदे से लटका मिला। इसकी जानकारी मिलने के बाद विद्यालय कर्मियों ने उसे तत्काल नीचे उतारा।

बताया गया कि उस समय बच्चे की सांसें चल रही थीं। इसके बाद विद्यालय कर्मी उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सुपौल स्थित एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बच्चे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही प्रियांशु के परिजन अस्पताल पहुंचे। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

प्रियांशु के परिजनों ने उसकी मौत को आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि बच्चे के चेहरे पर चोट के कई निशान मिले हैं।

मृतक के पिता शिव शंकर यादव ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद उसके शव को फंदे से लटका दिया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद सदर थाना पुलिस और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

एसपी ने घटनास्थल का लिया जायजा

घटना की जानकारी मिलने के बाद सुपौल के एसपी शरथ आरएस भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। छात्र की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Share this article

Facebook
Twitter X
WhatsApp
Telegram
 
September 2026
M T W T F S S
 123456
78910111213
14151617181920
21222324252627
282930