रांची, 07 सितंबर । प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में देश के सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। ईडी की कार्रवाई रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के अलावा दिल्ली और कोलकाता में भी चल रही है।
नदीमुल हक से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, ईडी की कोलकाता टीम टीएमसी के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मामले में रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। इस मामले में मुख्य ठिकाने कोलकाता में बताए जा रहे हैं। रांची में सांसद से जुड़े एक ठिकाने को भी छापेमारी के दायरे में शामिल किया गया है।
सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
जांच एजेंसी की कार्रवाई सात सितंबर को कोलकाता, दिल्ली और रांची स्थित कुल सात ठिकानों पर शुरू की गई। ईडी की टीम संबंधित परिसरों में दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड खंगाल रही है। हालांकि, छापेमारी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सांप्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाले कंटेंट से जुड़ा मामला
जानकारी के अनुसार, ईडी की कार्रवाई सांप्रदायिक सौहार्द को प्रभावित करने वाले कथित आपत्तिजनक कंटेंट के प्रकाशन, कथित अवैध वित्तीय लेनदेन और संदिग्ध सौदों के जरिए फंडिंग से जुड़ी शिकायतों के सिलसिले में की जा रही है।
रांची में की जा रही कार्रवाई का संबंध ‘अखबारे मशरिक प्राइवेट लिमिटेड’ के उर्दू दैनिक में प्रकाशित कथित आपत्तिजनक सामग्री और अखबार में किए गए निवेश से जुड़ा बताया जा रहा है।
प्राथमिकी के आधार पर शुरू हुई जांच
बताया गया है कि ईडी ने विधाननगर में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईसीआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू की थी। जांच के दौरान कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद ईडी ने कार्रवाई आगे बढ़ाई।
फिलहाल कोलकाता, दिल्ली और रांची में ईडी की छापेमारी जारी है। जांच एजेंसी की ओर से कार्रवाई पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी दिए जाने की उम्मीद है।






